फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल में 15 जून के बाद ही होगा युवाओं का वैक्सीनेशन

Thu, 03 Jun 2021 09:48 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, मंडी/शिमला

सार

हिमाचल में 31 मई तक 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को टीके लगे थे, जिसके बाद वैक्सीन खत्म हो गई। अब 15 जून के बाद वैक्सीनेशन होगा। 
विज्ञापन
कोरोना टीका(फाइल) - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में युवाओं के लिए कोरोना वैक्सीनेशन प्रक्रिया फिलहाल बंद हो गई है। अब 15 जून के बाद ही 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण शुरू हो सकेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी इस बारे में बताया कि प्रदेश में अभी 45 साल से अधिक आयु वालों का टीकाकरण सुचारु रूप से चल रहा है, जबकि 15 जून के बाद 18 से 44 आयु वर्ग वालों को भी वैक्सीनेशन उपलब्ध हो जाएगी। गौर हो कि 31 मई तक इस आयु वर्ग के लोगों को टीके लगे थे, जिसके बाद वैक्सीन खत्म हो गई। मई में ऑनलाइन स्लॉट बुक करने वालों को पांच दिन टीके की पहली डोज लगी है।

विज्ञापन


सीएम जयराम ठाकुर ने गुरुवार को मंडी जिले के भंगरोटू में नवनिर्मित मेकशिफ्ट कोविड अस्पताल का लोकार्पण किया। सीएम ने मंडी जिला में कोरोना की स्थिति और रोकथाम को लेकर किए प्रबंधों का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नेरचौक मेडिकल कॉलेज मंडी के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता भी की। सीएम ने कहा कि 10-12 दिनों में कोविड मामलों में तेजी से गिरावट आई है। एक समय में एक्टिव मामलों की संख्या 40 हजार से अधिक पहुंच गई थी, जो अब घटकर लगभग 11 हजार रह गई है। मृत्युदर में भी कमी आई हैै।

सीएम ने कहा कि कोविड संक्रमण के मामलों में गिरावट आ रही है। यदि कोरोना के मामले ऐसे ही कम होते रहे तो कोविड केयर के लिए समर्पित मौजूदा स्वास्थ्य संस्थानों को चरणबद्ध तरीके से डिनोटिफाई किया जाएगा और सामान्य ओपीडी शुरू की जाएगी। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की तैयारी की जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता में बढ़ोतरी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। कोरोना की तीसरी लहर बच्चों को अधिक प्रभावित कर सकती है। इसे देखते हुए प्रदेश में बच्चों की स्वास्थ्य जरूरतों के अनुरूप सभी प्रबंध किए जा रहे हैं। 
विज्ञापन


बता दें प्रदेश में 18 से 44 वर्ष की आयु तक के 1 लाख 3 हजार लोगों को ही वैक्सीन की पहली डोज लगी है, जबकि प्रदेश में कुल 32 लाख युवाओं को कोरोना से बचाव के लिए टीके लगने हैं। यानी अभी मात्र तीन फीसदी युवाओं को ही पहली डोज लगी है। सीरम इंस्टीट्यूट से सरकार को 1 लाख 7 हजार डोज मिली थीं। करीब 4 हजार डोज स्वास्थ्य विभाग के पास है। प्रदेश में इस वर्ग के लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए 15 मई से स्लॉट बुक कराने शुरू हुए। 5 बार स्लॉट बुक करने के बाद 31 मई से यह प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। इसका कारण वैक्सीन का न होना है। सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट को वैक्सीन उपलब्ध कराने को रिमाइंडर भेजा है।

विज्ञापन

जिन लाभार्थियों ने कोविन पोर्टल से ऑनलाइन सत्र बुक किए, उन्हें टीकाकरण में प्राथमिकता

केंद्र सरकार ने राज्यों को निर्देश दिए हैं कि कोविड टीकाकरण में उन लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाए, जिन्होंने टीकाकरण के लिए ऑनलाइन सत्र बुक किए हैं। लाभार्थियों की ओर से टीकाकरण के लिए स्वयं किया ऑनलाइन पंजीकरण और अप्वाइंटमेंट टीके की व्यर्थता को कम करने में सहायक सिद्ध होगी। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के एक प्रवक्ता ने जारी की है। प्रवक्ता ने कहा कि कोविड टीकाकरण केंद्रों की ओर से 45 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के लाभार्थियों, स्वास्थ्य देखभाल कार्यकर्ताओं और अग्रिम पंक्ति कार्यकर्ताओं के टीकाकरण के लिए ऑनलाइन और ऑनसाइट दोनों स्लॉट दिए जा रहे हैं।

यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए हैं कि जिन लाभार्थियों ने कोविन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन नियुक्ति की है, उन्हें टीकाकरण में प्राथमिकता दी जाए। यह भी निर्देश हैं कि टीकाकरण स्थलों पर उचित सोशल डिस्टेंसिंग के साथ प्रतीक्षा क्षेत्र में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए। इससे वृद्धजनों को टीकाकरण केंद्रों पर कतार में खड़ा नहीं होना पड़े। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोग जो नेटवर्क तथा स्मार्ट फोन के अभाव में अपना सत्र बुक नहीं कर सकते हैं, वे सीधे टीकाकरण केंद्रों पर ऑनसाइट पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने लोगों से कोविन पोर्टल के माध्यम से टीकाकरण के लिए ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट बुक करवाने का आग्रह किया है। 18 से 44 आयु वर्ग के लिए ऑन-साइट पंजीकरण केवल जनजातीय तथा दुर्गम क्षेत्रों में ही उपलब्ध होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें