हिमाचल में कोरोना वायरस के खतरे के बीच दुकानों से जरूरत से ज्यादा राशन उठाने वाले लोगों और बेचने पर व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने राशन की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ जेल तक का प्रावधान कर दिया है। सरकार ने सभी जिला उपायुक्तों और जिला खाद्य नियंत्रक अधिकारियों को छापे मारने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, लोग ऐसी अफवाह फैला रहे हैं कि कोरोना वायरस के चलते राशन महंगा हो जाएगा।
यह भी कहा जा रहा है कि हिमाचल में राशन की किल्लत हो जाएगी। हालांकि, सरकार बार-बार कह रही है प्रदेश में रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की कमी नहीं होने देगी, लेकिन अफवाहों के बीच लोग तीन से चार महीने का राशन कोटा उठा रहे हैं। इस पर सरकार सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। सरकार ने जिला उपायुक्तों और जिला खाद्य नियंत्रक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ऐसे कारोबारियों पर नजर रखें, जो लोगों को जरूरत से ज्यादा सामान बेच रहे हैं।
सरकार ने नियमों में ऐसे कारोबारियों के खिलाफ जेल तक का प्रावधान किया है। खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव अमिताभ अवस्थी ने बताया कि कालाबाजारी रोकने और जरूरत से ज्यादा सामान उठाने पर यह आदेश जारी किए हैं। सरकार ने कारोबारियों को दुकानों और गोदामों के भीतर स्टॉक का ब्योरा भी देना होगा। अगर कालाबाजारी की गई तो कार्रवाई की जाएगी। सरकार का कहना है कि लोग ऐसी अफवाहों में न आएं। सरकार के पास राशन थोक में है। बाहरी राज्यों से लगातार राशन की सप्लाई हो रही है।