धर्मगुरु दलाईलामा के निजी सचिव तेंजिन टाकला ने बताया कि अब 15 अप्रैल तक मैक्लोडगंज स्थित मंदिर बंद करने का निर्णय लिया है। निर्वासित तिब्बत सरकार ने भी भारत, नेपाल और भूटान में तिब्बती मठों, सभी बोर्डिंग और डे स्कूल एक माह के लिए बंद करने का निर्णय लिया है।
निर्वासित सरकार ने तिब्बतियों से एक माह तक शादी समारोह रद्द करने का आह्वान किया। निर्वासित तिब्बत सरकार के कर्मचारी भी यात्राओं, बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रम और कार्यशालाओं में भाग नहीं लेंगे।
अन्य बंद किए मंदिर, गुरुद्वारे
बगलामुखी, भीमाकाली, श्राईकोटी मंदिर, सिमसा मंदिर, पंचवक्त्र, त्रिलोकीनाथ, अर्द्धनारीश्वर, कमलाह मंदिर, बरसेलों, रघुनाथ मंदिर कुल्लू, अखाड़ा बाजार का गुरुद्वारा, छोटी नागनी माता मंदिर, भड़वार स्थित नागनी माता, रते घर वाली माता मंदिर, डिवकेश्वर मंदिर आदि।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सभी 14 छात्रावासों को विवि प्रशासन की ओर सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार खाली करवा दिया गया है। सुबह से ही छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थी अपने बैग उठाकर घरों की ओर निकलना शुरू हो गए, यह क्रम देर शाम तक जारी रहा। विवि प्रशासन द्वारा पांच बजे तक छात्रावास खाली करने के दिए गए आदेशों और जारी नोटिस पर विद्यार्थियों ने अपने आप ही बिना किसी विरोध के घर जाना शुरू कर दिया था। दोपहर बाद तक छात्रावास खाली हो गए थे।
देर छह बजे शाम को विवि के चीफ वार्डन प्रो. नयन सिंह ने अपने वार्डन की टीम के साथ छात्रावासों में जा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों से खाली हुए छात्रावासों में ताले लगवाए। चीफ वार्डन ने कहा कि विवि छात्रावासों में रहने वाली दो विदेशी छात्राओं को विद्योतमा छात्रावास में और एक विदेशी छात्र को ही छात्रावास में ठहरने की अनुमति दी गई है। उन्होंने स्टाफ को आवश्यक दिशानिर्देश भी मौके पर जारी किए। विवि के 14 छात्रावासों में से 10 गर्ल्ज छात्रावास में 1081 छात्राएं रहती हैं, वहीं चार ब्वॉयज छात्रावासों में 573 छात्र रहते हैं । चीफ वार्डन ने बताया कि सभी 1660 छात्र छात्राओं ने छात्रावास के कमरें छोड़ दिए हैं, वे घरों को चले गए हैं।