हेलमेट निर्माता कंपनी में क्वारंटीन किए गए लोगों के कोरोना सैंपल न लेने का मामला उजागर होते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आई। टीम ने क्वारंटीन में रखे गए 21 लोगों के सैंपल लिए। इन्हें सीआरआई लैब कसौली भेजा जाएगा। कंपनी से जुड़े लोगों के सात सैंपल रविवार को भी लिए थे। अब तक कुल 28 सैंपल लिए जा चुके हैं। रिपोर्ट आने तक सभी को क्वारंटीन में रहने के आदेश दिए गए हैं। कंपनी प्रबंधन से जुड़े कुल पांच लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इनमें एक महिला की मौत हो गई थी।
चार अन्य उपचार के लिए राज्य से बाहर चले गए हैं। इनके संपर्क में आए कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग और नालागढ़ प्रशासन ने कंपनी में ही क्वारंटीन किया था। इनमें से किसी के भी कोरोना के टेस्ट नहीं किए गए थे। अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को 21 लोगों के सैंपल लिए हैं। उधर, एसडीएम प्रशांत देष्टा ने कहा कि सैंपल एकत्रित करने के लिए गठित नालागढ़ अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने हेलमेट निर्माता कंपनी में संपर्क में आए 21 लोगों के सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है।