कोरोना पॉजिटिव बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी की बुधवार को कोरोना की रैपिड एंटीजन रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने उनके संपर्क में आए डेढ़ दर्जन अन्य लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आने का दावा किया है। विधायक शौरी ने कहा कि उन्हें बदनाम किया जा रहा है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने से पहले उनमें किसी तरह के लक्षण नहीं थे। ऐसे में उन्हें रिपोर्ट आने से पहले आइसोलेट रहने की जरूरत नहीं थी। कहा कि कोविड-19 की गाइडलाइन में कहा गया है कि अगर किसी व्यक्ति में लक्षण हों तो सैंपल देने के बाद क्वारंटीन रहना पड़ता है, मगर उनमें कोई लक्षण नहीं थे।
शौरी ने कहा कि उन्हें सोलंगनाला में पीएम का स्वागत करना था। इसके लिए एसपीजी ने 48 घंटे की कोरोना रिपोर्ट मांगी थी। उन्होंने कोरोना टेस्ट दिया और उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसकी सूचना मिलते ही वह अपने घर पहुंचे और क्वारंटीन हो गए। दो अक्तूबर को पहले सीएम और बाद में रक्षामंत्री से सामाजिक दूरी के साथ मिले। कहा कि अगर उनमें कोई लक्षण होते और इस दौरान किसी से मिलते तो वह गलत था। पीएम के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक व प्रशासनिक अधिकारी जुटे हुए थे। उन सबका कोरोना टेस्ट हुआ, लेकिन कोई भी रिपोर्ट आने तक आइसोलेट नहीं हुआ है।