हिमाचल प्रदेश सरकार के ठोस प्रयासों के बावजूद राज्य में कोरोना संक्रमण अभी थमता नहीं दिख रहा है। पिछले एक सप्ताह में सूबे के छह जिलों में कोरोना वायरस की पॉजिटिविटी दर 30 फीसदी से ऊपर चली गई है। कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन में हालात लगातार खराब हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 10 से 16 मई के बीच पॉजिटिविटी दर 28.9 फीसदी रही है जबकि, 29 मार्च से चार अप्रैल के बीच पॉजिटिविटी दर दर महज सात फीसदी थी।
सात हफ्तों के दौरान पॉजिटिविटी दर चार गुना तक बढ़ गई है। आंकड़ों के अनुसार पिछले एक सप्ताह के दौरान 439 लोगों ने संक्रमण के चलते अपनी जान गंवा दी है। कोरोना संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले कांगड़ा में सामने आ रहे हैं जहां पॉजिटिविटी दर 38.1 फीसदी दर्ज की गई है। इसके अलावा सिरमौर में 37.2, सोलन में 33, शिमला में 30.5, मंडी में 30.9 और हमीरपुर में 31.5 प्रतिशत दर्ज की गई है। अधिकारियों के अनुसार पिछले सप्ताह के दौरान 99810 लोगों के टेस्ट किए गए जिनमें से 28817 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए।
पांच जिलों में पिछले सप्ताह की तुलना में आई कमी
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता के अनुसार बिलासपुर, किन्नौर, लाहौल स्पीति, शिमला और सिरमौर जिले में पॉजिटिविटी दर में पिछले हफ्ते की तुलना में कमी दर्ज की गई है। हालांकि, पॉजिटिविटी के ग्राफ में आई इस कमी को लगातार बरकरार रखना चुनौती बना है। ऐसा इसलिए है क्योंकि इससे पहले भी संक्रमण के मामलों में कमी दर्ज की गई थी। लेकिन इसके बाद संक्रमितों की संख्या में तेजी से उछाल आया था।