हिमाचल के ऊना जिले के क्षेत्र चिंतपूर्णी के नारी में बुधवार देररात कोरोना पॉजिटिव आए मामले ने कई लोगों की नींद उड़ाकर रख दी है। क्योंकि संक्रमित आया युवक आईटीबीपी जवान होम क्वारंटीन में रहने की बजाय अपने गांव के अलावा बाजार में भी घूमता रहा। यही नहीं दो दिन पहले युवक ने अपने घर में बेटे के बाल भी काटे। इस दौरान लोगों को खाना भी खिलाया व हलवा भी बांटा। वहीं, इसमें पंचायत प्रधान व आशा कार्यकर्ता की लापरवाही भी सामने आई है। हालांकि देर रात उक्त युवक को खड्ड केयर सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है। गौर हो कि उक्त युवक केरल में तैनात था और वापस लौटने के बाद इसे होम क्वारंटीन किया गया था।
अब इस युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि, घर आने से पहले इस फौजी ने अपनी यूनिट में कोरोना का टेस्ट करवाया था जहां इसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। अब युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद छह किलोमीटर क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। वहीं, प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नारी पंचायत के वार्ड नंबर एक को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। वहीं, आसपास की पंचायतों धर्मसाल महंता के वार्ड नंबर-5, बधमाना के वार्ड नंबर-5 और नारी के दो नंबर वार्ड को बफर जोन घोषित कर दिया गया है। चिकित्सा विभाग की टीम भी संक्रमित के सीधे संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रहा है। वहीं, नायब तहसीलदार भरवाईं अभिषेक भास्कर ने बताया कि जिला प्रशासन के आदेशानुसार नारी पंचायत के वार्ड नंबर-1 को कंटेनमेंट जोन व दो नंबर वार्ड को बफर जोन व अन्य दो पंचायतों के दो वार्डों को भी बफर जोन घोषित कर दिया गया है।