शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) से प्रसुता की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल के लेबर रूम और ऑपरेशन थियेटर को सील कर दिया गया है। यह महिला सोलन अस्पताल में उपचार के लिए आई थी। इन्हें लेबर रूम और ओटी कक्ष में ले जाया गया था, जिसके बाद आईजीएमसी रेफर किया गया था।
सुरक्षा के लिहाज से पूरे अस्पताल को सैनिटाइज किया गया है। संक्रमित महिला के संपर्क में महिला विशेषज्ञ डॉक्टर सहित अन्य स्टाफ भी आया है, जिन्हें क्वारंटीन किया जा रहा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि संपर्क में आए अस्पताल के स्टाफ और अन्य लोगों की जांच की जा रही है।
वहीं शिमला के कमला नेहरू अस्पताल में प्रसुता के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद मंगलवार को अस्पताल में काफी सख्ती बरती गई। संक्रमित महिला के संपर्क में आए पीजी विद्यार्थी, नर्स और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों समेत आठ लोगों को क्वारंटीन किया है। अस्पताल के रास्ते से तीमारदारों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है।