प्रदेश में कोरोनावायरस के दृष्टिगत लोगों में अनावश्यक रूप से मास्क व हैंड सेनिटाइजर खरीदने की होड़ लगी है, जो अफवाह और भ्रम की स्थिति दर्शाता है। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने कहा है कि सभी को मास्क लगाने की जरूरत नहीं है। केवल उन्हीं लोगों को मास्क लगाना है जिनमें खांसी, जुकाम व बुखार के लक्षण देखने को मिलें या फिर वे व्यक्ति जो संक्रमित देशों का भ्रमण कर आए हैं।
उन्होंने कहा कि व्यर्थ में मास्क व हैंड सेनेटाइजर खरीद कर अपनी आर्थिकी पर बोझ न डालें। व्यक्तिगत स्वच्छता पर हर व्यक्ति ध्यान देेें। साबुन से समय समय पर हाथ धोते रहें, छींकने और खांसने के दौरान शिष्टाचार का पालन करें। यदि खांसी या बुखार है तो किसी के संपर्क में आने से बचें, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकें। अस्वस्थ महसूस होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से संपर्क करें।
वहीं, इससे पहले दो मरीज टांडा लाए गए थे, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें घर भेज दिया गया। इसके अलावा आईजीएमसी शिमला में भर्ती बिलासपुर के मरीज की रिपोर्ट भी निगेटिव आने पर उसे छुट्टी दे गई है।