ज्वालामुखी उपमंडल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खुंडियां में दो अध्यापकों पर नकल करवाने और शिकायतकर्ता शिक्षक के साथ मारपीट का आरोप लगा है। कथित रूप से विद्यार्थियों को नकल करवाने का विरोध करने वाले शिक्षक की शिकायत पर खुंडिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नकल का विरोध करने और शिक्षकों के बीच बहसबाजी, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है।
अविनाश निवासी धर्मशाला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाकर आरोप लगाया है कि खुंडियां स्कूल में सुपरिंटेंडेंट एक शिक्षक की मदद से छात्रों को नकल करवा रहा था। उन्होंने जब नकल करवाने का विरोध किया तो सुपरिंटेंडेंट और उसके साथी शिक्षक ने मारपीट की। उन्होंने घटनाक्रम का पूरा वीडियो बनाया है। उधर, सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में दिख रहा है कि सुपरिंटेंडेंट और दूसरा शिक्षक नकल करवाने के आरोपों को निराधार बता रहे हैं। डीएसपी तिलकराज ने मामले की पुष्टि की है। उधर, इस बारे में प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश कुमार सोनी ने कहा कि स्कूल प्रिंसिपल से मामले की जानकारी ली जाएगी। सोमवार को सुपरिंटेंडेंट को बदल दिया जाएगा।