हिमाचल प्रदेश में हर दिन के साथ कोरोना संक्रमितों का नया रिकॉर्ड बनता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हमीरपुर में एक दिन में कोरोना के सबसे ज्यादा 31 नए मामले आए हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने इसकी पुष्टि की है। इनमें सबसे अधिक संख्या मुंबई से लौटे लोगों की है। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने बताया कि जिले में गुरुवार सामने आए संक्रमित व्यक्तियों को जिला कोविड केयर सेंटर डुग्घा भेजा जा रहा है। जिले में मामलों की कुल संख्या 46 पहुंच गई है। चार ठीक होकर घर चले गए हैं और एक की मौत हुई है। अब 41 सक्रिय मामले हैं।
वहीं, कांगड़ा जिले में मुंबई से ट्रेन में लौटे छह और लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें जयसिंहपुर तहसील के काथला गांव का अधेड़, ज्वालामुखी उपमंडल के अधवाणी गांव की महिला, पालमपुर तहसील के हैंजा गांव का युवक, नूरपुर के सुल्याली का चालक, इंदौरा उपमंडल के चंगराड़ा का और नगरोटा बगवां के बढ़ाई हार गांव का युवक शामिल है। सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि इन्हें परौर क्वारंटीन सेंटर से बैजनाथ कोविड सेंटर शिफ्ट कर दिया है।
उधर पश्चिम बंगाल से ट्रक में छिपकर औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन पहुंचे पांच लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। येसभी नालागढ़-बद्दी हाइवे पर रावमापा मानपुरा में संस्थागत क्वारंटीन थे। एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने बताया कि नालागढ़ उपमंडल के नंड व बाड़ी गांव के रहने वाले इन लोगों को पहले स्वराज माजरा बद्दी के आश्रम में रखा था। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने स्वराज माजरा आश्रम सील कर दिया है। ये सभी लोग कोलकाता में काम करते हैं। इन्हें काठा अस्पताल में शिफ्ट कर दिया है।
दून के विधायक और नालागढ़ के पूर्व विधायक होम क्वारंटीन
दून के विधायक परमजीत पम्मी और नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर मानपुरा क्वारंटीन केंद्र में बाहर से आए लोगों से मिलने गए थे, जिसके चलते उन्हें भी सात दिन के लिए होम क्वारंटीन कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ऐसे लोगों की भी तलाश कर रही है, जिनसे बीबीएन आने के बाद ये पांचों पॉजिटिव मिले थे।