वहीं, कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही जंग के बीच सिरमौर के लिए एक राहत भरी खबर आई है। पांवटा साहिब की हरिओम कॉलोनी में पॉजिटिव पाई गई मां और बेटी के संपर्क में आए महिला के पति और बेटे की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, संपर्क में आए अन्य 12 लोगों के सैंपल भी निगेटिव पाए गए। जिले से भेजे गए अन्य 82 लोगों की सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई है। पांवटा साहिब में मां-बेटी के एक साथ कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद सिरमौर ग्रीन जोन में प्रवेश करते-करते रह गया। कुछ दिन पहले ही सिरमौर कोरोना मुक्त हुआ था।
लेकिन, बुधवार रात को पहुंची जांच रिपोर्ट में दो मामले पॉजिटिव पाए गए। वीरवार को विभाग ने विभिन्न इलाकों में कोरोना से संबंधित सैंपल लिए थे। जिले में कुल 82 सैंपल लिए गए थे। इनमें 14 सैंपल पॉजिटिव आई मां-बेटी के संपर्क में आने वाले महिला के बेटे और पति व अन्य लोगों के शामिल थे। जबकि 24 सैंपल कालाअंब के एक उद्योग के कामगारों के लिए गए हैं। उद्योगपति का भतीजा अंबाला में पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने सभी कामगारों के सैंपल लेने के स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए थे। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने इसकी पुष्टि की है।