जिला कांगड़ा में मंगलवार को कोरोना के दस नए मामले आए। इनमें से नौ लोग होम क्वारंटीन, जबकि एक व्यक्ति पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने से संक्रमित हुआ है। मंगलवार को पॉजिटिव मालिक के संपर्क में आने से एक कर्मी भी संक्रमित पाया गया है। यह इंदौरा के बडूखर गांव का रहने वाला है। पॉजिटिव आने के बाद उसे कोविड केयर सेंटर डाढ़ शिफ्ट किया है। वहीं गगल के बनोई गांव के 39, 31 व 40 वर्ष के तीन अर्धसैनिक बल के जवान संक्रमित पाए गए हैं।
वहीं चंडीगढ़ से आए तियारा पंचायत के 60 वर्षीय व्यक्ति, उसकी 50 साल की पत्नी और 27 वर्षीय बेटा भी पॉजिटिव पाया गया है। दोनों पति और पत्नी को कोविड अस्पताल धर्मशाला व बेटे को डाढ़ भर्ती किया गया है। वहीं शाहपुर के चड़ी का 38 वर्षीय अर्धसैनिक बल का जवान भी संक्रमित पाया गया है।
यह 26 जुलाई को छत्तीसगढ़ से आया था। इसके अलावा फतेहपुर के नरुं गांव का 40 वर्षीय सेना का जवान कोरोना पॉजिटिव आया है, जो 25 जुलाई को लेह से आया था। 30 जुलाई को लुधियाना से लौटा शाहपुर के मंजग्रां गांव का 49 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव आया है। पॉजिटिव आने के बाद इन सभी लोगों को कोविड केयर सेंटर डाढ़ भर्ती किया गया है।
सिरमौर जिले में मंगलवार को पांच नए मामले आए हैं। नाहन के पूर्बियां मोहल्ला से तीन वर्ष का बच्चा और कालाअंब का एक व्यक्ति संक्रमित निकला है। गणेश की बाग का 28 वर्षीय युवक, गोविंदगढ़ मोहल्ला का 24 वर्षीय युवक और सुरला इलाके का 26 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
शिमला के रोहड़ू क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव के मामले बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को करोनो के चार मामले सामने आए हैं। जुब्बल तहसील के झाल्टा गांव में चंडीगढ़ से आए दंपती की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि, कोटखाई में जम्मू से आए दो मजदूर कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। सभी कोरोना पॉजिटिव होम क्वारंटीन थे। प्रशासन ने सभी को निर्धारित प्रोटोकाल के तहत कोविड केयर सेंटर रोहड़ू में शिफ्ट किया है।
बीते पंद्रह दिन में क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव के 33 मामले सामने आ चुके हैं। जुब्बल के झाल्टा गांव में पति-पत्नी 3 अगस्त को चंडीगढ़ से गांव आए थे। तब से वे होम क्वारंटीन थे। मंगलवार को उनकी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, कोटखाई में जम्मू से आए दो मजदूर कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। दोनों मजदूर एक ठेकेदार के पास दो जुलाई को जम्मू से काम करने पहुंचे थे। इन मजदूरों के साथ करीब बीस अन्य मजदूर भी जम्मू से आए हैं जो कोरोना पॉजिटिव आए मजदूरों के संपर्क में थे। संपर्क मे आए सभी मजदूरों को प्रशासन ने क्वारंटीन किया है।
फिलहाल, प्रशासन हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्य कर रहा है। एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। झाल्टा गांव से दंपती को कोविड केयर सेंटर रोहड़ू शिफ्ट किया गया है। एसडीएम ठियोग कृष्ण कुमार ने बताया कि संपर्क में आए सभी लोगों को क्वारंटीन किया गया है। अभी कुछ लोगों के और सैंपल लिए जाएंगे। कोरोना पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आए सभी लोगों के टेस्ट किए जा रहे हैं।
हमीरपुर जिले में तीन कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर दो का 35 वर्षीय युवक 26 जुलाई को हरियाणा के रेवाड़ी से लौटा है। यह व्यक्ति गृह संगरोध में था। वार्ड नंबर दो मिनी सचिवालय हमीरपुर के साथ सटा हुआ क्षेत्र है। वहीं चिकित्सा खंड नादौन के तहत गांव डूढाणा के रहने वाला 39 वर्षीय कोरोना संक्रमित 27 जुलाई को हरियाणा के गुरुग्राम से लौटा है जो कि बड़ू स्थित बहुतकनीकी महाविद्यालय में संस्थागत क्वारंटीन था। तीसरा कोरोना संक्रमित चिकित्सा खंड बड़सर के गांव बैरी का रहने वाला है। यह 30 वर्षीय युवक 28 जुलाई को पुदुचेरी से लौटा है और गृह संगरोध में रह रहा था। कोरोना संक्रमित तीनों मरीजों को कोविड-19 केयर सेंटर में शिफ्ट किया जा रहा है।
चंबा में परियोजना में कार्यरत एक व्यक्ति सहित गुजरात से लौटा 13 वर्षीय किशोर कोरोना संक्रमित पाया गया है। परियोजना में कार्यरत कर्मी बीते दिनों पॉजिटिव आए एक व्यक्ति के संपर्क में आने से संक्रमित हुआ है, जबकि 13 वर्षीय किशोर की ट्रैवल हिस्ट्री गुजरात से जुड़ी है, जो होम क्वारंटीन था। स्वास्थ्य विभाग ने पॉजिटिव आए दोनों लोगों को कोविड केयर सेंटर बालू में शिफ्ट कर दिया है। साथ ही प्राइमरी संपर्क की सूची तैयार करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
जिला कुल्लू में कोरोना के दो और मामले सामने आए हैं। 30 वर्षीय महिला मणिकर्ण पंचायत और 32 वर्षीय व्यक्ति सैंज की धाउगी पंचायत का रहने वाला है। दोनों को उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर कुल्लू लाया गया है। जिला प्रशासन ने एहतियातन ग्राम पंचायत मणिकर्ण के छह और सात वार्ड को कंटेनमेंट जोन बनाया है। जबकि चोज और शगाना गांव को बफर जोन घोषित किया है।
इसके अलावा ग्राम पंचायत धाउगी में कोरोना संक्रमण का एक मामला आने के बाद पंचायत के कुछ क्षेत्रों को कंटनेमेंट और बफर जोन घोषित किया गया है। डीसी कुल्लू डॉ ऋचा वर्मा की ओर से जारी आदेशों के अनुसार पंचायत के बनेहनी, धाऊगी, तिगला और कलोगी गांव को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। इसी पंचायत के सेरी और रवाड गांव को बफर जोन घोषित किया गया है। उक्त क्षेत्रों को पूरी तरह सील किया गया है। ऊना जिले में अर्द्धसैनिक बल का एक जवान कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। अंब उपमंडल के धलवाड़ी गांव का अर्द्धसैनिक बल का जवान पॉजिटिव पाया गया है। यह जवान लेह से घर लौटा था।