हिमाचल प्रदेश में सोमवार को कोरोना से दो संक्रमितों की मौत हो गई जबकि 112 नए मामले सामने आए हैं। मंडी जिला में 36, चंबा 33, बिलासपुर 14, शिमला 11, हमीरपुर 5, कुल्लू 4, सिरमौर 3, ऊना-किन्नौर 2-2, लाहौल-स्पीति और सोलन में 1-1 मामला आया है। चंबा जिले में चुराह के मंगली गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। बुजुर्ग मरीज को दस जुलाई को डीसीएच चंबा में भर्ती किया गया था। मंडी जिले में पैलेस कॉलोनी के 70 साल के बजुर्ग ने नेरचौक मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ा है।
कोरोना से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने दिए 32 करोड़
केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को 32 करोड़ 48 लाख रुपये जारी किए हैं। यह राशि कोरोना से निपटने और प्रदेश में स्वास्थ्य संबंधित आधारभूत ढांचा विकसित करने के लिए दी गई है। अब तक प्रदेश को करीब 80 करोड़ मिल चुके हैं। फेज-दो के तहत मिली इस राशि को सरकार कहां-कहां खर्च करेगी, केंद्र ने इसका भी ब्योरा मांगा है। केंद्रीय अवर सचिव वंदना चौधरी ने इस बारे में हिमाचल सरकार को पत्र भेजा है।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। प्रदेश में एक्टिव मामले 800 से नीचे आ गए हैं। मौतों की संख्या में भी कम आई है। बीते एक सप्ताह से प्रदेश में कोरोना के कारण एक से दो लोगों की मौत हो रही है। सरकार संभावित तीसरी लहर की तैयारियों मेें जुटी है। इसके लिए जिला प्रशासन को अलर्ट किया है। अस्पतालों में छोटे वेंटिलेटर की व्यवस्था की जा रही है। बच्चों के लिए अलग वार्ड बनाए जा रहे हैं। ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं।
जिला अस्पतालों में उपलब्ध होंगी मूलभूत सुविधाएं
स्वास्थ्य विभाग मेडिकल कॉलेजों में लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात कर रहा है। जिला अस्पतालों को भी सुविधाओं से लेस किया जाएगा, जिससे लोगों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेजों में न आना पड़े। जिला अस्पतालों के लिए मशीनरी और उपकरण खरीदे जाने हैं।