हिमाचल में मंगलवार को कोरोना के आठ नए मामले सामने आए हैं। इनमें कांगड़ा के रक्कड़ से दो सगे भाई, मंडी, किन्नौर से एक-एक और चार ऊना जिले के हैं। वहीं प्रदेश में 19 संक्रमित स्वास्थ्य हुए जिनमें 13 अकेले कांगड़ा जिले से हैं।
कांगड़ा जिले के रक्कड़ में दिल्ली से लौटे दो भाई कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों को बैजनाथ कोविड केयर सेंटर शिफ्ट कर दिया गया है। इसके अलावा मंडी जिले के सरकाघाट में 39 वर्षीय व्यक्ति भी संक्रमित पाया गया है। उक्त व्यक्ति का यात्रा इतिहास चंडीगढ़ का बताया जा रहा है। गत दिन वह सरकाघाट अस्पताल में फ्लू ओपीडी में चेकअप को आया था, जहां लिए गए टेस्ट में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
जिला ऊना में चार अलग-अलग जगहों पर कोरोना के चार नए पॉजिटिव मामले पाए गए हैं, जबकि एक फॉलोअप सैंपल भी पॉजिटिव आया है। पॉजिटिव पाए गए लोगों में गगरेट के दियोली गांव का एक 48 वर्षीय व्यक्ति, मारवाड़ी गांव का 53 वर्षीय व्यक्ति, हरोली के नंगल खुर्द गांव का 75 वर्षीय बुजुर्ग एवं अंब के प्रताप नगर का एक 20 वर्षीय युवक शामिल है।
सीएमओ डॉ. रमन कुमार ने चार नए पॉजिटिव केसों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोरोना पॉजिटिव आए चार लोगों को उपचार के लिए खड्ड स्थित कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया जा रहा है। जिला ऊना में अब तक कोविड-19 के 77 मामले दर्ज किए जा चुके हैं जिसमें 41 लोग ठीक हो चुके हैं और 36 केस एक्टिव हैं। वहीं, किन्नौर जिले में एक पॉजिटिव मिला है।
उधर कांगड़ा जिले में कोरोना पीड़ित 13 मरीज ठीक हुए हैं। इनमें 9 मरीज डाढ़ और 3 बैजनाथ कोविड केयर सेंटर से डिस्चार्ज हुए। इसके अलावा एक मरीज किन्नौर जिले में ठीक हुआ है।