हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को सेना के जवान समेत दो कोरोना मरीजों की मौत हुई है। प्रदेशभर में 224 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। नालागढ़ का रहने वाला कोरोना संक्रमित 28 वर्षीय सेना का जवान सोलन से शिमला के आईजीएमसी अस्पताल रेफर किया गया था। शुक्रवार को जवान ने दम तोड़ दिया। उक्त जवान शुगर से भी ग्रसित था।
लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं कोविड अस्पताल नेरचौक में हमीरपुर जिला के भोरंज तहसील निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। उन्हें अस्थमा की शिकायत थी और बीते 13 अक्तूबर को हमीरपुर से नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। वीरवार को वेंटिलेटर पर रखा गया। लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
संक्रमित को सांस लेने में दिक्कत और अस्थमा की शिकायत थी। किन्नौर जिले में पूह खंड के लियो गांव में 24 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। प्रशासन ने पूरा लियो गांव को सील करके कंटेंनमेट जोन घोषित कर दिया है। जिलाधीश गोपाल चंद ने बताया कि इन पॉजिटिव केसों में एक डॉक्टर है जो हांगो में तैनात है, उनका भी संपर्क लियो गांव में एक व्यक्ति से हुआ था जिसकी कोरोना की वजह से मौत हुई थी।
वह बाद में हांगो गए थे। इस रिपोर्ट के आने के बाद हांगो गांव को भी कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। मंडी जिले में प्रोबेशनर आईपीएस भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मंडी 43, कुल्लू 34, शिमला 25, कांगड़ा 20, हमीरपुर 7, सोलन 17, ऊना 3, किन्नौर 24, सिरमौर 8, चंबा 14, बिलासपुर 24 और लाहौल स्पीति में 5 मामले आए हैं।