हिमाचल में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को प्रदेश में 80 कामगारों समेत रिकॉर्ड 161 नए मरीज आए हैं। कुल्लू जिले में सबसे ज्यादा 69 नए मामले आए हैं। शिमला में नौ, मंडी 14, हमीरपुर 13, किन्नौर 10, चंबा 13, कांगड़ा तीन, बिलासपुर चार, सिरमौर 17 और सोलन नौ पॉजिटिव मामले आए हैं। मुख्यमंत्री के साथ कांगड़ा और ऊना दौरे के दौरान सुरक्षा में तैनात एस्कॉर्ट वाहन के चालक, कांस्टेबल और तीन अन्य पुलिस कर्मी संक्रमित निकले हैं। सीएम की सुरक्षा में तैनान दोनों कर्मियों में ऊना से लौटने के बाद शिमला में कोरोना के लक्षण मिले थे। उन्हें शिमला के रिपन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां टेस्ट के दौरान दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद सीएम की सुरक्षा में तैनात संक्रमितों में संपर्क में आए 14 कर्मियों को संस्थागत क्वारंटीन कर दिया गया है। प्राइमरी कांटेक्ट में आए चार लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं। रात को आई रिपोर्ट में सीएम की सुरक्षा में तैनात तीन पुलिस कर्मी भी पॉजिटिव पाए गए हैं। जिला निगरानी अफसर डॉ. राकेश भारद्वाज ने इसकी पुष्टि की है। इसके अलावा सीएम के पूरे कारकेड को सैनिटाइज कर दिया गया है।
वहीं, किसी को भी बिना पास सचिवालय के भीतर जाने पर रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री के कांगड़ा दौरे ने भी कोरोना का खौफ पैदा कर दिया है। बुधवार को कोरोना के जो मामले सामने आए थे, उनमें पालमपुर भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष संजीव सोनी भी शामिल हैं। सोनी के संक्रमित पाए जाने के बाद पूरे कांगड़ा जिले में हड़कंप मच गया है, क्योंकि वह पालमपुर और बैजनाथ आदि क्षेत्रों में सीएम दौरे के दौरान साथ घूमे थे। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) के मेडिसन वार्ड में कोरोना वायरस का पॉजिटिव मामला सामने आया है। लिहाजा मेडिसिन यूनिट (1-4) के वार्ड को सील कर यहां दाखिल 41 मरीजों को ई ब्लॉक स्थित आईसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया। वहीं रोहड़ू में एक कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आया है। कोटखाई मे जम्मू से आया एक मजदूर कोरोना संक्रमित निकला है। मजदूर होम क्वांरटीन था। उपमंडल ठियोग के खंड विकास कार्यालय का एक कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव आया है। किन्नौर जिले में एक साथ 10 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं जिनमें 6 महिलाएं और 4 पुरूष शामिल हैं। इनकी उम्र 14 से 84 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
ये सभी कोरोना संक्रमित 10 अगस्त को यांगपा फर्स्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए गए दंपती के प्राथमिक संर्पक में आए थे और ये सभी उनके करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। सोलन में भी नौ नए मामले आए हैं। इनमें सात बद्दी, एएनसी बद्दी एक मामला और निजी यूनिवर्सिटी से आया है। बिलासपुर में जिले में गुरुवार को 12 लोग ठीक हो गए हैं। मंडी में 14 और सिरमौर में 17 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन का गायनी वार्ड सील कर दिया है। बीते दिन गर्भवती महिला की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर यह फैसला लिया गया है। कांगड़ा में भी दो नए मामले आए हैं। दोनों बिहार के मजदूर हैं। कुल्लू में बागवानी से संबंधित कार्यों लिए लाए गए 69 मजदूरों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव आए लोग बिहार, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों के रहने वाले हैं और बंदरोल में क्वारंटीन थे। डीसी कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने इसकी पुष्टि की है। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 3816 पहुंच गया है। 1328 सक्रिय मामले हैं। 2435 मरीज ठीक हो गए हैं। गुरुवार को 73 और मरीज ठीक हो गए हैं। कोरोना से 18 की मौत हो चुकी है। 34 मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं।