फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CoronaVirus in Himachal: प्रदेश में रिकॉर्ड 161 नए मामले, जानें किस जिले में कितने मरीज

Thu, 13 Aug 2020 10:50 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला/चंबा
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हिमाचल में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को प्रदेश में 80 कामगारों समेत रिकॉर्ड 161 नए मरीज आए हैं। कुल्लू जिले में  सबसे ज्यादा 69 नए मामले आए हैं। शिमला में नौ, मंडी 14, हमीरपुर 13, किन्नौर 10, चंबा 13, कांगड़ा तीन, बिलासपुर चार, सिरमौर 17 और  सोलन नौ पॉजिटिव मामले आए हैं। मुख्यमंत्री के साथ कांगड़ा और ऊना दौरे के दौरान सुरक्षा में तैनात एस्कॉर्ट वाहन के चालक, कांस्टेबल और तीन अन्य पुलिस कर्मी संक्रमित निकले हैं। सीएम की सुरक्षा में तैनान दोनों कर्मियों में ऊना से लौटने के बाद शिमला में कोरोना के लक्षण मिले थे। उन्हें शिमला के रिपन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां टेस्ट के दौरान दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद सीएम की सुरक्षा में तैनात संक्रमितों में संपर्क में आए 14 कर्मियों को संस्थागत क्वारंटीन कर दिया गया है। प्राइमरी कांटेक्ट में आए चार लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं। रात को आई रिपोर्ट में सीएम की सुरक्षा में तैनात तीन पुलिस कर्मी भी पॉजिटिव पाए गए हैं। जिला निगरानी अफसर डॉ. राकेश भारद्वाज ने इसकी पुष्टि की है। इसके अलावा सीएम के पूरे कारकेड को सैनिटाइज कर दिया गया है।

विज्ञापन


वहीं, किसी को भी बिना पास सचिवालय के भीतर जाने पर रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री के कांगड़ा दौरे ने भी कोरोना का खौफ पैदा कर दिया है। बुधवार को कोरोना के जो मामले सामने आए थे, उनमें पालमपुर भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष संजीव सोनी भी शामिल हैं। सोनी के संक्रमित पाए जाने के बाद पूरे कांगड़ा जिले में हड़कंप मच गया है, क्योंकि वह पालमपुर और बैजनाथ आदि क्षेत्रों में सीएम दौरे के दौरान साथ घूमे थे। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) के मेडिसन वार्ड में कोरोना वायरस का पॉजिटिव मामला सामने आया है। लिहाजा मेडिसिन यूनिट (1-4) के वार्ड को सील कर यहां दाखिल 41 मरीजों को ई ब्लॉक स्थित आईसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया।  वहीं रोहड़ू में एक कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आया है। कोटखाई मे जम्मू से आया एक मजदूर कोरोना संक्रमित निकला है। मजदूर होम क्वांरटीन था। उपमंडल ठियोग के खंड विकास कार्यालय का एक कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव आया है। किन्नौर जिले में एक साथ 10 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं जिनमें 6 महिलाएं और 4 पुरूष शामिल हैं। इनकी उम्र 14 से 84 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

ये सभी कोरोना संक्रमित 10 अगस्त को यांगपा फर्स्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए गए दंपती के प्राथमिक संर्पक में आए थे और ये सभी उनके करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। सोलन में भी नौ नए मामले आए हैं। इनमें सात बद्दी, एएनसी बद्दी एक मामला और निजी यूनिवर्सिटी से आया है। बिलासपुर में जिले में गुरुवार को 12 लोग ठीक हो गए हैं। मंडी में 14 और सिरमौर में 17 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन का गायनी वार्ड सील कर दिया है। बीते दिन गर्भवती महिला की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर यह फैसला लिया गया है। कांगड़ा में भी दो नए मामले आए हैं। दोनों बिहार के मजदूर हैं। कुल्लू में बागवानी से संबंधित कार्यों लिए लाए गए 69 मजदूरों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव आए लोग बिहार, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों के रहने वाले हैं और बंदरोल में क्वारंटीन थे। डीसी कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने इसकी पुष्टि की है।  इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 3816 पहुंच गया है। 1328  सक्रिय मामले हैं। 2435  मरीज ठीक हो गए हैं।  गुरुवार को 73 और मरीज ठीक हो गए हैं। कोरोना से 18 की मौत हो चुकी है। 34 मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

चंबा के विधायक, डीसी समेत 10 नेता और अधिकारी होम क्वारंटीन

मिंजर मेले के समापन समारोह में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने पर विधायक सदर, उपायुक्त चंबा समेत करीब 10 अधिकारी और नेता होम क्वारंटीन हो गए हैं। ये सभी कुंजड़ी मल्हार कार्यक्रम में मौजूद थे। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले दो कलाकार पॉजिटिव आए हैं। चिंता की बात इसलिए है, क्योंकि उस समय उपायुक्त समेत किसी भी नेता ने मास्क भी नहीं पहना था। अब आम और खास के लिए अलग नियमों को लेकर भी शहर में लोग सवाल उठाने लगे हैं। इसकी वजह यह है कि इन लोगों के अभी तक सैंपल नहीं लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि 14 दिनों की होम क्वारंटीन अवधि में अगर इनमें कोई लक्षण आते हैं तो ही इनके सैंपल लिए जाएंगे। आम लोगों के लिए नियमों की बात करें तो अन्य विभागीय कर्मचारियों के साथ कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने पर उनके कोरोना टेस्ट करवाए जा रहे हैं।

कुछ दिन पहले बिजली बोर्ड के चंबा कार्यालय में तैनात एक महिला कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बाद महिला के साथ काम करने वाले कर्मचारियों को उसी समय घर भेज दिया गया था। साथ ही उन्हें निर्देश दिए गए थे कि वे कोरोना टेस्ट करवाकर ही कार्यालय में आएं। दस अगस्त को चार कर्मचारियों ने अपना टेस्ट करवाया है और उनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। इसके बाद उन्हें कार्यालय में आने दिया गया, मगर मिंजर मेले के समापन समारोह में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने वाले जिला प्रशासन के अधिकारियों और नेताओं के आज तक सैंपल नहीं लिए गए हैं। इस वजह से संक्रमित के संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लेने का नियम यहां आम और खास के अलग नियम अपनाए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए जिला प्रशासन और राजनेताओं को होम क्वारंटीन होने की सलाह दी गई है। सैंपल कोरोना लक्षण सामने आने पर ही लिए जाएंगे। इसके लिए 14 दिन का होम क्वारंटीन का समय निर्धारित किया गया है। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें