कुठेड़ा खैरला में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़ते ही गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या दस पहुंचने की खबर के साथ ही प्रदेश के सबसे बड़े हॉट स्पॉट कुठेड़ा खैरला गांव को पूरी तरह से आईसोलेट करने के लिए प्रशासन जुटा हुआ है। नया मामला सामने आते ही पहले से सील किए जा चुके गांव में गश्त बढ़ा दी गई है।
क्षेत्र को अन्य क्षेत्रों से पूरी तरह कटऑफ किया गया, जिसके लिए और अधिक पुलिस बल मंगवाया गया। शनिवार देर शाम तक स्थानीय पुलिस गांव को अन्य साथ लगते क्षेत्रों से पूरी तरह संपर्क से अलग करने की कवायद में जुटी रही। गौरतलब है कि एक साथ नौ कोरोना पॉजिटिव केसों के सामने आने के बाद से ही कुठेड़ा खैरला क्षेत्र कोरोना को लेकर पूरे प्रदेश में अति संवेदनशील माना जा रहा है।
पहले मामले सामने आने के बाद तब्लीगी जमात के संपर्क में आए मौलवी के परिवार को आईसोलेशन के लिए भेज दिया गया था। जिसमें उनकी पत्नी और दो बेटे शामिल थे। शनिवार को मौलवी के एक बेटे की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में सख्ती बढ़ाते हुए गांव को पूरी तरह से कटऑफ करने की कवायद शुरू कर दी है।
अंब के डीएसपी मनोज जंवाल ने बताया कि क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल की संख्या बढ़ाई जाएगी। गांव में कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों की संख्या को देखते हुए हर प्रकार की सतर्कता बरती जा रही है और हर पल क्षेत्र पर पूरी नजर रखी जा रही है।