हिमाचल प्रदेश में सात और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। मंडी में मंगलवार को कोरोना संक्रमित दो लोगों की मौत हो गई है। हमीरपुर जिले के डोली की 75 वर्षीय संक्रमित बुजुर्ग महिला ने नेरचौक मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। दूसरा मृतक सरकाघाट की रोपड़ी पंचायत का 62 वर्षीय सेवानिवृत्त पटवारी है। इसकी पुष्टि एसडीएम सरकाघाट जफर इकबाल ने की है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ( आईजीएमसी) में तीन कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। सोलन के कंडाघाट निवासी 35 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति, ठियोग मतियाना महिला और महिला सदर बिलासपुर के नलग बरमाना की 49 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। आईजीएमसी के कॉलेज प्राचार्य डॉ. रजनीश पठानिया ने कहा कि अस्पताल में तीन कोविड पॉजिटिव मरीज की मौत हुई है। टांडा अस्पताल में दो कोरोना संक्रमित बुजुर्गों की मौत हो गई। मृतकों में चंबा का बुजुर्ग और जयसिंहपुर के औंथ गांव का 95 वर्षीय बुजुर्ग शामिल है।
उधर, मंगलवार को प्रदेश में कोरोना वायरस के 303 नए मामले आए हैं। मंडी जिले में 54, शिमला 79, कुल्लू 59, कांगड़ा 28, ऊना 12, बिलासपुर 19, सिरमौर 14, चंबा 12, लाहौल-स्पीति 12, सोलन 8, किन्नौर-हमीरपुर में 3-3 नए पॉजिटिव केस आए हैं। हमीरपुर जिले में एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में दो अध्यापकों समेत तीन लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसको देखते हुए एहतियातन स्कूल तीन दिन के लिए बंद कर दिया है। बाकि स्टाफ होम आइसोलेट हो गया है। स्कूल का लैब सहायक भी पॉजिटिव आया है। प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची की कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई है। मंडी जिले में दो डॉक्टरों समेत 54 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 22932 पहुंच गया है। 3119 सक्रिय मामले हैं। 19444 मरीज ठीक हो चुके हैं। 338 से ज्यादा कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।