हिमाचल प्रदेश में पांच और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। गुरुवार को मंडी के नेरचौक मेडिकल कॉलेज में बिलासपुर के झंडुता की 80 वर्षीय महिला और हमीरपुर नादौन जंगलू के 50 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वहीं, राजधानी शिमला में तीन कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। इनमें छोटा शिमला की 53 वर्षीय महिला ने आईजीएमसी और शोघी की 64 वर्षीय महिला ने डीडीयू अस्पताल में दम तोड़ दिया। सीएचसी कोटखाई से डीडीयू रेफर कुमारसैन के 82 वर्षीय बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया। मौत की पुष्टि डीडीयू अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहान ने की है। उधर, प्रदेश में गुरुवार को कोरोना वायरस के 697 नए मामले आए हैं। शिमला में 167, कांगड़ा 106, मंडी 95, कुल्लू 113, सोलन 48, बिलासपुर 35, सिरमौर 29, चंबा 30, लाहौल-स्पीति 28, हमीरपुर 19, किन्नौर पांच और ऊना में 22 नए मामले आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 28183 पहुंच गया है। 6165 सक्रिय मामले हैं। 21585 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक 405 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
चुवाड़ी में बैंक के चार कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। वहीं शिमला में हाई प्रोफाइल मानव तस्करी मामले में दिल्ली से गिरफ्तार दोनों आरोपी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। संक्रमित आने के बाद दोनों को कैथू जेल में बनाए आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। इनके संपर्क में आए जांच टीम के इंस्पेक्टर और एएसआई समेत करीब आठ जवान सुरक्षा की दृष्टि से एहतियात के तौर पर होम आइसोलेट हो गए हैं। सभी कर्मचारी सात दिन तक होम आइसोलेट पर रहेंगे। इसमें दो महिला पुलिस कर्मी भी हैं। इसके अलावा एक होम गार्ड का जवान है। बिलासपुर की रावमापा छकोह के चार विद्यार्थी पॉजिटिव आए हैं।
शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर को आईजीएमसी से मिली छुट्टी
शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर को आईजीएमसी शिमला से छुट्टी दे दी गई है। वह अब घर पर आइसोलेट रहेंगे। स्वास्थ्य में सुधार के बाद गुरुवार देर शाम उन्हें घर भेज दिया गया। आईजीएमसी के कॉलेज प्राचार्य डॉ. रजनीश पठानिया ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि मंत्री अभी भी कोविड पॉजिटिव है। लेकिन स्वास्थ्य सुधार होने के बाद ही डॉक्टरों ने घर भेजने का फैसला लिया है।