दूसरी ओर गुरु की नगरी पांवटा साहिब के ऐतिहासिक होली मोहल्ला मेले में इस बार 12 और 13 मार्च को होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन नहीं होगा। 17 मार्च को होने वाले ऐतिहासिक दंगल को भी रद्द कर दिया गया है। रविवार को एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा की अध्यक्षता में हुई मेला कमेटी की बैठक में केंद्र सरकार की गाइडलाइन के तहत यह फैसला लिया।
दूसरी ओर हमीरपुर के सुजानपुर होली मेले में दो दिन से सांस्कृतिक संध्याएं हो रही हैं। ऊना के मैड़ी में भी बाबा बड़भाग सिंह होली मेले में रोजाना हजारों की संख्या में पंजाब और बाहरी राज्यों से लोग पहुंच रहे हैं। यहां कोई रोक नहीं लगी है। पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब से मात्र 10 किमी की दूरी पर बिलासपुर स्थित गुरुद्वारा गुरु का लाहौर में इटली समेत विदेशों से दल यहां पहुंच रहे हैं।
उधर प्रदेश सरकार आईजीएमसी और टांडा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कोरोनावायरस के टेस्ट की सुविधा उपलब्ध कराने जा रही है। सरकार ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को किट उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोलॉजिकल (केंद्रीय) जैविक संस्थान पुणे से यह किट आएगी। अभी हिमाचल जांच के लिए सैंपल पुणे या दिल्ली भेज रहा है।
बताया जा रहा है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय पीजीआई में भी टेस्ट कराने को किट उपलब्ध कराने जा रहा है। अभी तक हिमाचल से चार संदिग्ध व्यक्तियों के सैंपल जांच को पुणे भेजे गए। इनमें से तीन की रिपोर्ट निगेटिव है, जबकि नेपाल मूल के सैनिक के सैंपल की रिपोर्ट आने में दो से तीन दिन लगेंगे।
किट के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा है। आईजीएमसी और टांडा में सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही है। स्कूलों में भी प्रतिदिन बीमारी के प्रति जानकारी दी जा रही है। - आरडी धीमान, अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्वास्थ्य
बिलासपुर के गुरु का लाहौर में होला मोहल्ला उत्सव में देश के अलग-अलग स्थानों के श्रद्धालुओं के साथ विदेशी श्रद्धालु भी पहुंच रहे हैं। शनिवार को यहां इटली के श्रद्धालुओं का एक जत्था भी पहुंचा, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। हालांकि, कोरोनावायरस के चलते विदेशों से आने वाले यात्रियों और अन्य लोगों की पहले पूरी जांच की जा रही है।
विश्व विख्यात तीर्थ स्थल श्री नयनादेवी जी में होला मोहल्ला उत्सव शुरू हो गया है। इसमें भी हजारों की तादाद में श्रद्धालु माता के दर्शनार्थ मंदिर में पहुंच रहे हैं। इसके अलावा गुरु का लाहौर में भी श्रद्धालु भारी तादाद में पहुंच रहे हैं। उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने बताया कि सीएमओ को आदेश दे दिए हैं कि उत्सव में आने वाले विदेशी श्रद्धालुओं की जांच करें और उन पर नजर बनाए रखें।
श्री नयनादेवी जी एसडीएम सुभाष गौतम ने बताया कि जो भी विदेशी भारत आते हैं, उनकी स्कैनिंग एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जाती है। जो भी विदेशी श्रद्धालु हिमाचल पहुंचते हैं उन पर स्वास्थ्य विभाग की नजर रहती है। तीर्थ स्थलों पर किसी को आने से मना नहीं किया जा सकता।
सीएमओ बिलासपुर प्रकाश दड़ोच ने बताया कि विदेश से भारत आने वाले सभी सैलानियों और श्रद्धालुओं की जानकारी एंबेसी द्वारा प्रदेश सरकार को दी जाती है। उनका स्वास्थ्य स्टेटस भी जांचा जाता है। उन्हें अभी तक कोरोनावायरस से संबंधित कोई भी संदिग्ध होला मोहल्ला में नहीं मिला, और न ही इसकी जानकारी किसी एंबेसी या स्टेट से मिली है।
धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में कमी दर्ज की गई। कोरोनावायरस के चलते कई श्रद्धालु मास्क पहनकर चिंतपूर्णी पहुंच रहे हैं। मैडी मेला के चलते चिंतपूर्णी में अपेक्षा से कम श्रद्धालु आ रहे हैं। रविवार को करीब 8 हजार श्रद्धालुओं ने मां की पावन पिंडी की पूजा अर्चना की।
वहीं, रविवार को चिंतपूर्णी ट्रैफिक पुलिस ने ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट, ओवरलोड टेंपों, ओवर स्पीड चालकों के करीब 28 चालान काट कर 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। डीएसपी अंब मनोज जंबाल ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने प्रतिबंधित क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की है।