कालाअंब में तैयार कोल्ड बेस्ट पीसी सिरप के सैंपल फेल होने के बाद दर्ज एफआईआर के बाद सिरमौर पुलिस की टीम ने पहली कार्रवाई की है। मैसर्ज डिजिटल विजन कंपनी को कच्चा माल देने वाले सप्लायर को अंबाला से गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने पर उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा दिया। हालांकि कंपनी संचालक अभी भी फरार हैं।
गिरफ्तार व्यक्ति विभोर चितकारा पुत्र राजीव चितकारा अंबाला कैंट (हरियाणा) का रहने वाला है। कोल्ड बेस्ट पीसी सिरप के हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के दवा नियंत्रक विभाग के लिए सैंपलों में डाईथिलेन ग्लाइकोल की मात्रा ज्यादा पाई गई थी। आरोप है कि इस दवा से जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के रामनगर इलाके के 12 बच्चों की मौत हो गई थी।
डीएसपी मुख्यालय परमदेव की अगुवाई में बनी एसआईटी ने इस मामले से जुड़ी पहली गिरफ्तारी की है। एसपी अजय कृष्ण शर्मा के अनुसार आरोपी ने डिजिटल विजन कालाअंब को मिलावटी प्रोपलीन ग्लाइकोल (पीजी) का रॉ मटीरियल सप्लाई किया था। इसका इस्तेमाल कोल्ड बेस्ट सिरप के बैच नंबर डीएल 5201 को बनाने के लिए किया गया था। पुलिस जांच कर रही है कि कच्चा माल कहां से सप्लाई किया जाता था।