हिमाचल में आर्थिक गतिविधियों को शुरू करने के लिए सिंचाई मंत्री महेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बनी कैबिनेट सब कमेटी की एक अहम बैठक बुधवार को आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में सूबे के सभी विभाग जिलावार व मदवार अपने पास अब तक शेष उस राशि का ब्यौरा देंगे जो आवंटित होने के बावजूद खर्च नहीं हो पाई थी। बताया जा रहा है कि अब तक 10 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि की जानकारी मिली हैं। इसमें पंचायती राज, पीडब्ल्यूडी, शिक्षा, सिंचाई के अलावा कई अन्य विभाग शामिल हैं।
इसके अलावा बैठक में विभिन्न तरह के अन्य मुद्दों पर भी चर्चा होगी। प्रदेश के शहरी गरीबों व उन लोगों को वित्तीय सहयोग देने को लेकर भी विचार होगा जिन्हें लॉकडाउन के दौरान खासी मार पड़ी लेकिन वह किसी योजना के तहत कवर नहीं होते। इसके अलावा होटलों व उद्योगों को सस्ती दरों पर प्रदेश के सहकारी बैंकों से लोन दिलाने व आर्थिक गतिविधियों को और विस्तार देने को लेकर भी विचार किया जाएगा। बता दें इससे पहले कमेटी ने कुछ सिफारिशें की थी जिसपर मंत्रिमंडल ने अपनी मंजूरी दी और फिर विभागों ने आदेश जारी कर उन्हें लागू कर दिया।