एक साथ आने वाले दो से तीन माह के बिजली बिल के बोझ से बचा जा सकता है। अगर आप चाहते हो कि एकाएक वित्तीय बोझ न पड़े तो इसके लिए आज ही सजग होकर आप खुद मीटर रीडिंग लेकर बिजली बिल तय कर सकते हैं। उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए बिजली बोर्ड ने सेल्फ असेसमेंट अग्रिम भुगतान सुविधा शुरू कर दी है। इसके तहत आप स्वयं अपना बिल तैयार कर सकते हैं। अगर बिल तय करने में समस्या आ रही है तो बीते महीनों के बिलों के आधार पर अग्रिम भुगतान भी कर सकते हैं। कर्फ्यू के चलते मीटर रीडिंग का काम फिलहाल प्रदेश में इन दिनों प्रभावित हो गया है।
बिजली बिल के आवंटन में देरी होने की संभावना है। बिजली बोर्ड ने ऑनलाइन बिजली बिल जमा करवाने को अपनी वेबसाइट सहित कई अन्य माध्यमों को मंजूरी दी है। उपभोक्ता एचपीएसईबी के मोबाइल ऐप, पेटीएम, फोन पे, एयरटेल पेमेंट बैंक, मोबी-क्वीक और भारत बिल पे सिस्टम से बिल जमा करवा सकते हैं। सभी उपभोक्ताओं को बिल ऑनलाइन माध्यम से ही जमा करवाने होंगे। बिजली बोर्ड के संयुक्त निदेशक अनुराग पराशर ने उपभोक्ताओं से सेल्फ असेसमेंट कर एडवांस बिल जमा करवाने की अपील की है।