हिमाचल के कुल्लू जिले में मनाली के शूरू गांव में किर्गिस्तान से आई युवती के पिता कोरोना पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने ऊझी घाटी की चार पंचायतों के नौ वार्डों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। प्रीणी पंचायत के सबसे अधिक छह तथा शलीण, जगतसुख व वशिष्ठ के एक-एक वार्ड सील किए हैं। पंचायतों के अन्य इलाकों को बफर जोन बनाया गया है। उधर, एसपी गौरव सिंह ने कहा कि इन क्षेत्रों में शाम के समय पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। गत दिन सूड़ान से लौटे कलैहली के युवक की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है और उसे घर भेज दिया है। जिला में एक्टिव केसों की संख्या अब 16 रह गई है। उपायुक्त कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इसमें ग्राम पंचायत प्रीणी के वार्ड नंबर दो, तीन, चार, पांच, छह और सात, ग्राम पंचायत शलीन का वार्ड नंबर छह, ग्राम पंचायत वशिष्ठ का वार्ड नंबर दस और ग्राम पंचायत जगतसुख के वार्ड नंबर दो को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।