जिला कुल्लू के निरमंड क्षेत्र में एक आठ महीने की बच्ची भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई है। जिला में कोरोना के अब कुल मामले चार हो गए हैं। जिनमें से एक युवक स्वस्थ हो गया है। जानकारी के अनुसार कोरोना पॉजिटिव आई बच्ची अपनी मां के साथ पहले ही होम क्वारंटीन में थी। बच्ची समेत छह लोगों का परिवार 19 मई को दिल्ली से लौटा था। परिवार का 65 वर्षीय बुजुर्ग पहले ही कोरोना पॉजिटिव है और उसका इलाज कुल्लू स्थित कोविड केयर सेंटर में चल रहा है।
इसके बाद पूरे क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया गया। इस दौरान परिवार के सभी लोगों के सेंपल लिए गए थे और शुक्रवार को रिपोर्ट आने पर आठ महीने की बच्ची पॉजिटिव आई है। डीसी कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने बताया कि बच्ची की ट्रेवल हिस्ट्री दिल्ली की है। बच्ची को मां के साथ आइसोलेशन में रखा गया है। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि कोरोना को लेकर किसी तरह की अफवाह न फैलाएं।
वहीं जिला कुल्लू की शुरढ़, खोखन पंचायत और नपं भुंतर के चार वार्ड में धारा 144 लगाई गई है। एक महिला कोरोना पॉजिटिव आने से प्रशासन ने शुरढ़ पंचायत के वार्ड दो और छह, खोखन पंचायत के वार्ड नौ और नपं भुंतर के वार्ड चार को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।
शुरढ़ पंचायत के वार्ड तीन, चार, पांच और सात, नपं भुंतर के वार्ड पांच को बफर जोन बनाया गया है। उन्होंने कहा कि कंटेनमेंट जोन में आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। केवल आपातकालीन सेवाओं के लिए ही अनुमति होगी। इस जोन में फल-सब्जी व राशन इत्यादि की होम डिलिवरी की जाएगी। इस संबंध में खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए गए हैं। इस जोन में मेडिकल सर्विलांस रहेगी, जिसके लिए टीमें गठित की गई हैं। बफर जोन में हालांकि गतिविधियां जारी रहेंगी।
लेकिन इसमें भी मेडिकल सर्विलांस रहेगी। किसी भी व्यक्ति को लक्षण पाए जाने पर तुरंत सैंपल लिए जाएंगे। उपायुक्त कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने कहा कि शिमला से कुल्लू पहुंची महिला की वीरवार देर शाम आई रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। महिला को कोविड केयर सेंटर कुल्लू के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। उसकी बेेटी को भी आइसोलेशन वार्ड में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। कहा कि महिला दो बार क्षेत्रीय अस्पताल में आई हैं। जांच करने वाले चिकित्सकों को यदि आवश्यक हुआ तो क्वारंटीन किया जाएगा।
वहीं, सिरमौर के सराहां इलाके में कोरोना वायरस का एक पॉजिटिव मामला सामने आया है। संक्रमित व्यक्ति पच्छाद क्षेत्र का बताया जा रहा है। व्यक्ति हरियाणा के नारायणगढ़ में किसी कंपनी में काम करता था। पिछले सप्ताह ही वह अपने घर से नारायणगढ़ कंपनी में काम करने गया था। वहां पर व्यक्ति ने गले में दर्द और बुखार के बाद अस्पताल में जांच करवाई और इसके बाद घर आ गया। घर आने पर परिवार वालों ने इसे अलग कमरे में रखा। लेकिन शुक्रवार को नारायणगढ़ से इसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसके बाद संक्रमित को कोविड-19 सेंटर सराहां लाया गया है।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने व्यक्ति के परिवार को भी घर में ही क्वारंटीन कर दिया गया है। पांच दिनों के बाद परिवार के लोगों के भी सैंपल लिए जाएंगे। बीएमओ पच्छाद डॉ. संदीप शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने बताया कि क्योंकि टेस्ट हरियाणा में हुआ है, इसलिए यह मामला हरियाणा में गिना जाएगा। लेकिन इसका उपचार हिमाचल के सराहां में किया जा रहा है। संक्रमित के संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है।