हाईकोर्ट के कड़े आदेशों के बाद कोरोना की तीसरी लहर के खतरे की आशंका को देखते हुए हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला प्रशासन ने कुछ कड़े फैसले लिए हैं। प्रशासन ने सैलानियों के जमावड़े को रोकने के लिए सीमित संख्या में ही लोगों को शिमला के रिज मैदान और मालरोड पर प्रवेश की अनुमति देने का निर्णय लिया है।
शनिवार को व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन, टैक्सी ऑपरेटरों सहित अन्य लोगों के साथ बैठक के दौरान उपायुक्त आदित्य नेगी ने बताया कि रिज और मालरोड के एंट्री प्वाइंटों पर पुलिस तैनात की जाएगी। पुलिस टीमें शारीरिक दूरी सुनिश्चित कराएंगी।
रिज मैदान पर क्राइस्ट चर्च, लक्कड़ बाजार रोड और पदमदेव परिसर के पास ये बैंच हटाए गए। बचे बेंचों पर भी सिर्फ वरिष्ठ नागरिकों को ही बैठने की अनुमति होगी। पर्यटन कारोबार और व्यापार मंडल से जुड़े लोगों के सैंपल लिए जाएंगे।
देवभूमि ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय ठाकुर की मांग पर डीसी ने कहा कि होटलों, दुकानों के अलावा टैक्सी ऑपरेटरों की प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीनेशन की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून व्यवस्था राहुल चौहान, एसडीएम शिमला ग्रामीण मनजीत शर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी जीडी कालटा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेखा चोपड़ा आदि मौजूद रहे।
कोरोना नियमों का उल्लंघन पर काटे 15 चालान
कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय समिति ने शनिवार को आईएसबीटी, पुराना बैरियर, संकट मोचन मंदिर, गोयल मोटर्स, तारादेवी और शोघी बाजार का निरीक्षण कर 15 लोगों के चालान काटे। इस दौरान आम जनता, पर्यटकों और दुकानदारों को कोविड नियमों के बारे जागरूक किया गया।
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव रमणीक शर्मा ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार यह कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। अंतर राज्य बस अड्डे पर सरकारी और निजी बसों में सवारियों को कोरोना संक्रमण के बारे जागरूक किया गया।
संकटमोचन और तारा देवी मंदिर में व्यवस्थाओं को जांचा। श्रद्धालुओं को कोविड-19 मानक संचालन के अनुपालन के प्रति जागरूक किया तथा मास्क लगाने और सैनिटाइजेशन के संबंध में जांच की गई।
इससे पहले तारादेवी और शोघी बाजार में दुकानों के अंदर बिना मास्क पहने लोगों के चालान काटे गए। बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोघी में कोरोना से संबंधित विभिन्न सामग्री की उपलब्धता के संबंध में डॉक्टर सूरज से जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान नायब तहसीलदार एचएल घेजटा भी मौजूद रहे।
डीसी शिमला ने व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन, टैक्सी ऑपरेटरों के साथ बैठक की।