हिमाचल के चंबा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बतौर नर्स तैनात सुंदरनगर की पूजा ने फर्ज को अहमियत देते हुए अपनी शादी को कोरोना के खात्मे तक टाल दिया। बुधवार 15 अप्रैल को पूजा की शादी तय थी। इसी दिन विदाई भी होनी थी, लेकिन पूजा ने कोरोना वायरस के दौरान ड्यूटी को अपना पहला फर्ज बताते हुए शादी टाल कर मिसाल कायम कर दी। डैहर निवासी पूजा शर्मा पुत्री प्रकाश चंद शर्मा चंबा मेडिकल कॉलेज में बतौर स्टाफ नर्स सेवाएं दे रही हैं। 13 से 15 अप्रैल को शादी होनी तय थी, लेकिन लॉकडाउन व कर्फ्यू के बीच मरीजों के उपचार में ड्यूटी होने से पूजा ने अपने फर्ज को शादी से ऊपर रखा।
बेटी के इस अहम फैसले का उसके परिवारजनों समेत होने वाले जीवन साथी और ससुराल वालों ने न केवल अपनी सहमति दी, बल्कि पूजा के इस फैसले की जमकर प्रशंसा भी की। 30 जनवरी को पूजा की सगाई मंडी के लोअर नेला निवासी क्षितिज शर्मा से हुई थी। शादी की तारीख 14 और 15 अप्रैल तय थी। पूजा शर्मा के परिवार में पिता प्रकाश चंद शर्मा, माता किरण शर्मा, बड़ी बहन निशा शर्मा, छोटा भाई विशाल शर्मा, दादी कमला देवी, चाचा नागेंद्र शर्मा और चाची सोनिया शर्मा समेत ससुराल पक्ष के समस्त सदस्यों ने गर्व व खुशी प्रकट करते हुए कोरोना बीमारी की खात्मे तक पूजा को लड़ाई जारी रखने का हौसला व साहस दिया है। पूजा शर्मा ने कहा देशहित में फर्ज पहले शादी बाद में।