अधिकांश मरीजों की हालत गंभीर, अस्पताल में 20 मरीज दाखिल, जिले में 14 नए मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। आईजीएमसी में कोविड रोगियों की संख्या दोबारा बढ़ने लगी है। अधिकांश मरीज दूसरे जिलोें के रहने वाले हैं। अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में 20 मरीज दाखिल हैं।
आईजीएमसी के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। डॉक्टरों का कहना है कि इनमें से कुछ मरीजों की हालत गंभीर है। डॉक्टर इनके स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी बनाए रखे हुए हैं। बीते सप्ताह मामले कम हो रहे थे। दो दिनों पहले तक अस्पताल में यह संख्या सत्रह के करीब थी लेकिन अब एकाएक तीन नए मामले के बाद विभाग सतर्क हो गया है। विभाग का कहना है कि बीमारी को लेकर बरती जाने वाली लापरवाही भारी पड़ सकती है। जिला में कोरोना के 14 नए मामले आए है। शिमला के टुटू से एक ही मामला आया है। लेकिन रामपुर 7, जुब्बल-कोटखाई 4 और ननखड़ी और मतियाना से एक-एक मामला आया है। इसके अलावा 6870 लोगों ने कोरोना का टीका लगाया है। इसके अलावा जिला के 32 केंद्रों पर आज कोरोना के टीके लगाए गए है।