विधानसभा क्षेत्र श्री नयना देवी जी की राजकीय माध्यमिक पाठशाला चिल्ला में आदर्श आचार संहिता में ही कुक को नियुक्ति दे दी गई। चुनाव आयोग की ओर से इस पर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार चिल्ला स्कूल में 22 मार्च को प्रबंधन समिति की ओर से एक अधिसूचना जारी की जाती है, जिसमें बताया गया कि राजकीय माध्यमिक पाठशाला चिल्ला में 30 मार्च को रसोइया (कुक) का एक पद खाली हो रहा है। इसलिए इच्छुक उम्मीदवार 28 मार्च तक साधारण कागज पर एक रंगीन फोटो सहित अपना प्रार्थना पत्र स्कूल में दस्तावेजों सहित जमा कराएं। अधिसूचना में बताया गया कि 28 मार्च को ही स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से साक्षात्कार लिए जाएंगे। हैरानी की बात यह है आदर्श आचार संहिता के दौरान अधिसूचना निकाली जाती है और कुक को नियुक्ति भी दी जाती है। संवाद
चुनाव आयोग ने लिया संज्ञान, रिकॉर्ड कब्जे में
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 16 मार्च को देश में आचार संहिता लागू हुई है। मामला सामने आने पर स्थानीय व्यक्ति की ओर से चुनाव आयोग को इसकी शिकायत दी गई। इसके बाद तुरंत चुनाव आयोग ने संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। सोमवार को चुनाव आयोग की टीम स्कूल पहुंची और सभी रिकॉर्ड कब्जे में लिए। उधर एसडीएम स्वारघाट धर्मपाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। इसके बाद कुछ कहा जा सकता है।