क्लब ने लक्कड़ बाजार स्कूल में किया कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। मासिक धर्म के दौरान पोषण का विशेष महत्व है। इस दौरान गुड़, पालक, चुकंदर जैसे आयरन युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए और पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। इसके साथ ही सेनिटरी पेड को हर 4 से 6 घंटे में बदलना और सुरक्षित तरीके से उसका निपटान करना आवश्यक है।
यह जानकारी रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस की ओर से राजकीय कन्या विद्यालय लक्कड़ बाजार में आयोजित मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में दी गई। कार्यक्रम में 270 छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) की सीनियर रेजिडेंट डॉ. आस्था पचौरी ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की।
डॉ. आस्था ने छात्राओं को बताया कि मासिक धर्म के दौरान और उससे पहले खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक और सामान्य प्रक्रिया है, यह शर्म या अपवित्रता का विषय नहीं है। उन्होंने छात्राओं को बताया कि अनियमित मासिक चक्र या तेज दर्द होने पर मां अथवा शिक्षक से बात करनी चाहिए और समस्या अधिक होने पर स्त्री रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।
सत्र के दौरान छात्राओं ने भी खुलकर सवाल पूछे और एक-दूसरे का सहयोग करने का संकल्प लिया। इस दौरान क्लब की सदस्य गीता कपूर ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को लेकर भी छात्राओं का मार्गदर्शन किया। क्लब की ओर से छुपाओ नहीं, जागरूक बनो, शर्म नहीं, गर्व करो का संदेश दिया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस की पूर्व अध्यक्ष पूजा गोयल, गीता कपूर और राशि बंटा मौजूद रहीं।