लोक निर्माण विभाग को 31 मार्च तक 69 नेशनल हाइवे की डीपीआर बनाने के लिए कंसलटेंट की नियुक्तियां करनी होंगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोनिवि के नेशनल हाइवे विंग को यह टारगेट दिया है।
हिमाचल में 44 नेशनल हाइवे की डीपीआर बनाने का काम शुरू हो गया है, जबकि 25 एनएच के लिए डीपीआर बनाने को कंसलटेंट की नियुक्तियां होना बाकी हैं। 9 दिन के भीतर लोक निर्माण विभाग के नेशनल हाइवे विंग को कंसलटेंट नियुक्ति करने की डीपीआर केंद्र को भेजनी होगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नेशनल हाइवे पर फोकस किए हुए हैं। उन्होंने 9 मार्च को पेश किए गए बजट में 1 महीने के भीतर कंसलटेंट नियुक्त करने की बात कही है। इसी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के अफसर समय रहते यह काम पूरा करने में लगे हैं।
हिमाचल को नेशनल हाइवे मिले हुए करीब एक साल हो गया है। केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल को 69 एनएच देने की घोषणा की थी। इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शिमला आकर इसकी अधिसूचना जारी की थी।
हिमाचल में 31 मार्च तक सभी नेशनल हाइवे के लिए कंसलटेंट नियुक्त करने की डीपीआर तैयार हो जाएगी। विभाग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है।
- भुवन शर्मा, चीफ इंजीनियर, एनएच