एक किलोमीटर लंबा पुल भी बनेगा
वर्ष 2026 तक निर्माण कार्य पूरा करना रखा है लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। कालका-शिमला फोरलेन पर शोघी के पास 700 मीटर लंबी डबल लेन टनल और एक किलोमीटर लंबे पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
एनएचएआई ने पुल के निर्माण के लिए 100 मीटर लंबे पिलर का कार्य आधा पूरा कर लिया है। टनल के निर्माण के लिए पहले शोघी के पास पहाड़ की स्टेबलाइजेशन की जाएगी। एनएचएआई का वर्ष 2026 तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। डबल लेन सड़क से कैथलीघाट और ढली के बीच की दूरी 40 किलोमीटर से घटाकर 28.5 किमी रह जाएगी। इस प्रोजेक्ट पर 3914 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पहले चरण में कैथलीघाट से शकराल गांव तक 1844 करोड़ से 17.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होगा। इसमें 20 पुल, दो टनल, एक अंडरपास, 53 कलवर्ट, एक प्रमुख जंक्शन, 2 अल्प जंक्शन, एक टोल प्लाजा बनेगा।
दूसरे चरण में शकराला गांव से ढली-मशोबरा जंक्शन तक 11 किलोमीटर सड़क का निर्माण 2070 करोड़ रुपये से होगा। इसके अलावा तीन सुरंगें और सात पुल बनेंगे। इस पर 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एक पुल जमीन से 240 मीटर ऊपर बनेगा तथा यह 580 मीटर लंबा होगा। इसके अलावा एक केबल पुल भी बनेगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक आनंद कुमार दहिया ने बताया कि कैथलीघाट से ढली तक डबल लेन सड़क का 20 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो गया है। गर्मियों में निर्माण कार्य की रफ्तार को और तेज किया जाएगा। शोघी के पास पुल के लिए पिलर बना लिए हैं और टनल के निर्माण के लिए खुदाई की जा रही है।
धूल और मिट्टी से बढ़ रही परेशानी
निर्माण कार्य से लोगों की जमीनें और घास धूल से भर गई हैं। इसके अलावा निर्माण कार्य के दौरान निकल रही मिट्टी और पत्थर उनकी जमीन में फेंके जा रहे हैं। कुछ माह पहले स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत उपयुक्त को की थी लेकिन खुदाई से निकले मलबे का अभी तक नहीं हटाया है।