दो चरणों में होगाआरसीसी रिटेनिंग वॉल का कार्य
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। शहर के सर्कुलर रोड पर लिफ्ट के पास सड़क चौड़ा करने के लिए की गई कटिंग के बाद सब्जी मंडी सड़क की ओर से लगातार हो रहे भूस्खलन को रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग ने आरसीसी रिटेनिंग वॉल (दीवार) का निर्माण शुरू कर दिया है।
पहाड़ी के कमजोर हो चुके ऊपरी हिस्से को सुरक्षित करने और उसके बाद सब्जी मंडी सड़क का पुनर्निर्माण करने के लिए विभाग दो चरणों में रिटेनिंग वॉल बनाएगा। लोक निर्माण विभाग के डिवीजन-तीन के अनुसार पहाड़ी का निचला हिस्सा चट्टानी और मजबूत होने के कारण वहां भूस्खलन की समस्या नहीं है, लेकिन ऊपरी 15 से 20 फीट का हिस्सा कमजोर है। बरसात के दौरान यही हिस्सा लगातार खिसककर नीचे आ रहा है। ऐसे में इसे सुरक्षित करने के लिए आरसीसी रिटेनिंग वॉल ही सबसे प्रभावी विकल्प है, जिस पर काम शुरू कर दिया है। जहां तक पहाड़ी पर रॉक बोल्ट और स्टील जाली लगाई जा चुकी है, वहां पहले से तय योजना के अनुसार शॉटक्रीट तकनीक से ढलान को मजबूत किया जाएगा।
विज्ञापन
वहीं, 20 मीटर से अधिक हिस्से में दो चरणों में आरसीसी रिटेनिंग वॉल बनाकर इसे सब्जी मंडी सड़क तक जोड़ा जाएगा। इसके पूरा होने के बाद ढह चुकी सब्जी मंडी सड़क का पुनर्निर्माण संभव होगा और कार्ट रोड को भी पूरी तरह खोलने का रास्ता साफ हो जाएगा। बरसात के दौरान सड़क चौड़ीकरण कार्य के बीच पहाड़ी से दो स्थानों पर हुए भूस्खलन के कारण परियोजना की लागत और निर्माण अवधि दोनों बढ़ गई हैं। कार्ट रोड चौड़ीकरण परियोजना के तहत आजीविका भवन से होकर सब्जी मंडी तक बनाई गई सीढ़ियों को सुरक्षित करने के लिए आरसीसी रिटेनिंग वॉल का निर्माण पूरा कर लिया है।
15 दिन में पूरा करने का लक्ष्य
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीण वर्मा और सहायक अभियंता प्रदीप बाली ने बताया कि पहाड़ी के कमजोर हो चुके ऊपरी हिस्से को सुरक्षित करने के लिए कार्ट रोड की ओर से रिटेनिंग वॉल का निर्माण शुरू कर दिया है। विभाग का प्रयास है कि यह कार्य अधिकतम 15 दिन में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने बताया कि जहां रॉक बोल्ट लगाए जा चुके हैं, वहां शॉटक्रीट तकनीक से पहाड़ी को स्थिर किया जाएगा। इसके बाद सब्जी मंडी सड़क का निर्माण कार्य भी शुरू किया जा सकेगा।