कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों की सेवा अवधि तय की जा रही है ताकि संगठन से जुड़े अन्य कार्यकर्ताओं को भी पदाधिकारी बनने का मौका मिल सके। कांग्रेस सेवादल के पद पर पदाधिकारी दस साल तक रह पाएंगे। इसके अलावा पदाधिकारियों के पदनाम भी बदले जा रहे हैं।
कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों के पदनाम बदलकर नए रखे जाएंगे। पहले कांग्रेस सेवादल प्रमुख को मुख्य संगठक का पदनाम दिया गया था। अब इसे बदल कर कांग्रेस सेवादल प्रमुख को प्रदेशाध्यक्ष नाम दिया जा रहा है। इसके अलावा कांग्रेस सेवादल प्रदेश संगठक पद नाम बदल कर महासचिव पद दिया जाएगा।
कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों का पदनाम बदलने के साथ ही पदाधिकारियों की सेवा अवधि भी तय की जा रही है। अभी तक कांग्रेेस सेवादल के पदाधिकारियों की सेवा अवधि की कोई सीमा तय नहीं थी। अब कांग्रेस सेवादल प्रमुख की सेवा अवधि अधिकतम दस साल की जा रही है।
इसके अतिरिक्त कांग्रेेस सेवादल प्रमुख की सेवा अवधि उम्र भी 55 साल से अधिक नहीं हो सकेगी। इसके बाद से कांग्रेस सेवादल में पदाधिकारियों की उम्र और सेवा अवधि निर्धारित होने से संगठन के अन्य कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ेगा।
दूसरी ओर, कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक अनुराग ठाकुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि संगठन में पदनाम बदले जा रहे हैं। इसके साथ ही सेवादल के प्रमुख की सेवाकाल अधिकतम दस साल और उम्र 55 साल की जा रही है। इससे संगठन के अन्य कार्यकर्ताओं को पदाधिकारी बनने का मौका मिलेगा।