नोटबंदी के देश व्यापारी विरोध के तहत हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की जिला इकाइयों ने डीसी कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किए। हालांकि प्रदेशभर में भारी बर्फबारी के चलते कुछ जिलों में ज्ञापन देने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि जिन जिलों की इकाइयां शनिवार को ज्ञापन नहीं दे सकी है वह 9 को अपने जिले में डीसी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजेंगी। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार शिमला में भारी बर्फबारी की वजह से कार्यकर्ता डीसी कार्यालय तक पहुंच ही नहीं पाए।
इसके अलावा किन्नौर, लाहौल स्पीति में भी पार्टी का कार्यक्रम नही हो सका। इसके अलावा बाकी ज्यादातर जिलों में पार्टी की जिला इकाइयों ने डीसी के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर लोगों को हो रही परेशानी और नोटबंदी के गलत फैसले की जानकारी दी।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डा सुभाष मंगलेट ने बताया कि इसके बाद अब 9 जनवरी को महिला कांग्रेस प्रदेश भर में जिला स्तर पर थाली व बेलन लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी। वहीं, 11 जनवरी को दिल्ली में होने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, विधायक दिल्ली जाएंगे।
मंगलेट ने कहा कि नोटबंदी का फैसला देश के कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए लिया गया है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी को 50 दिन से ज्यादा हो गए हैं लेकिन प्रधानमंत्री भाषण देने में व्यस्त हैं और देश की आम जनता त्रस्त है।