हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि देश में विकास कार्य ठप पड़ा है। गरीब जनता अपने हक के लिए तरस रही है। कुल्लू में कांग्रेस के मोदी के बोल, जुमलों के ढोल पर 11वां सम्मेलन हुआ। इसमें प्रमुख वक्ता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने राजनीति की दिशा और परिभाषा पूरी तरह से बदल दी है। केंद्र में भाजपा सरकार को सत्ता में आए हुए 26 महीने बीत गए हैं, लेकिन देश में विकास कार्य ठप पड़ा है। गरीब जनता अपने हक के लिए तरस रही है। सुक्खू
ने कांग्रेस सरकार के 67 वर्ष पूर्व से लेकर किए गए विकास कार्यों को गिनाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर सच्चे मन और तर्क से मोदी के हर झूठ का मुंह तोड़ जवाब देने को पूरी ताकत लगाने के लिए प्रेरित किया। कार्यकर्ताओं से 2017 के विधानसभा चुनावों के लिए भी तैयार रहने का आह्वान किया।