कांग्रेस के 12 उपाध्यक्षों और 27 महासचिवों की एक बड़ी फौज तैयार कर डेढ़ साल बाद विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए हाईकमान ने एक बुनियाद भी बना ली है। नवनियुक्त उपाध्यक्षों में पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, सतपाल रायजादा जैसे नेताओं को सक्रियता का इनाम मिला है। उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए नीरज भारती विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं, मगर वह विपक्ष पर भी खूब हमलावर रहे हैं।
परसराम, चेतराम ठाकुर, अमित नंदा जैसे नेताओं पर भी उनकी निष्ठा के लिए भरोसा जताया गया है। पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी के पास पंचायत चुनाव का अनुभव रहा है। इसके अलावा महासचिवों में विनोद जिंटा, यशपाल तनाईक जैसे युवा नेताओं को अध्यक्ष विनय कुमार के नजदीकी होने का लाभ मिला है। रामलाल ठाकुर और गंगूराम मुसाफिर जैसे वरिष्ठ नेताओं का भी ध्यान रखा गया है। हाईकमान ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर पर फिर से भरोसा जताते हुए उन्हें अनुशासन समिति का अध्यक्ष बनाया है। उनके साथ कमेटी में मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधायक आशीष बुटेल, भवानी सिंह पठानिया, बावा हरदीप सिंह, नीरज नैय्यर, अनुराधा राणा जैसे सदस्य हैं।
प्रदेश कार्यकारिणी में मंडी संसदीय क्षेत्र पर खास फोकस रहा है। मंडी से प्रकाश चौधरी, परसराम, चेतराम ठाकुर, चंद्रप्रभा नेगी, धर्मेंद्र धामी जैसे नेताओं को अहम जिम्मा सौंपा गया है।