हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में एक बार कांग्रेस शानदार बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार गठित करेगी। वहअपने समधी व फरीदकोट रियासती परिवार के स्वर्गीय टिक्का भरतइंद्र सिंह बराड़ की बरसी समागम में शिरकत करने परिवार समेत फरीदकोट पहुंचे।
सीएम की बेटी मीनाक्षी की बेटी का विवाह सितंबर 2015 में टिक्का भरतइंद्र सिंह के बेटे रविइंद्र सिंह के साथ हुआ था। परिवार से रिश्ता जुड़ने के बाद वह रविवार को पहली बार अपनी बेटी के ससुराल घर पहुंचे। इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा कि चुनाव में जीत को लेकर वह पूरी तरह आश्वस्त हैं।
लेकिन फिर भी किस्मत का फैसला मतगणना वाले दिन ही होता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल व गुजरात के चुनाव एक ही समय पर घोषित हुए थे, लेकिन गुजरात के चुनाव को केंद्र की मोदी सरकार ने जानबूझ कर लेट करवाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हर काम में मनमानी कर रही है।
न सिर्फ केंद्रीय एजेंसियों का अपने विरोधियों के खिलाफ उपयोग हो रहा है, बल्कि संवैधानिक एजेंसियों के कामकाज में भी दखल दिया जा रहा है। सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा कि लोगों को अच्छे दिन आने का झांसा देकर सत्ता में आने के बाद देश की जनता को मुश्किलों में धकेल दिया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके राज्य में पहले चुनाव आचार संहिता लागू होने से उनकी सरकार के कई काम अधर में लटक गए, जिन्हें दोबारा सरकार बनते ही शुरू करवाया जाएगा। इस समागम में उनके साथ उनकी पत्नी व बेटी समेत अन्य परिवारिक सदस्य भी शामिल हुए।