प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर 25 दिसंबर को मंडी के पड्डल मैदान में महारैली की जाएगी। इसमें कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को आमंत्रित किया जाएगा। सरकार 15 से 31 दिसंबर तक प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिये अपनी उपलब्धियां भी लोगों तक पहुंचाएगी।
शुक्रवार को वरिष्ठ मंत्रियों से चर्चा के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने महारैली और अन्य कार्यक्रमों की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लोगों के कल्याण को सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों तथा उपलब्धियों को दर्शाने के लिए 15 से 31 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसके अलावा मोबाइल, पब्लिसिटी वाहन, एलईडी स्क्रीन, ध्वनि प्रसार प्रणाली, प्रदर्शनी पैनल भी प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर तैनात किए जाएंगे। ये पब्लिसिटी वाहन प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में भी तैनात किए जाएंगे। सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि उनका विभाग विशेष प्रसार अभियान भी चलाएगा। इसके तहत राज्य में विभिन्न सम्मेलन, संगीत एवं नाट्य प्रदर्शन और प्रदर्शनी लगाई जाएगी।