इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, प्रदेश कांग्रेस सह-प्रभारी विदित चौधरी और चेतन चौहान, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, विधायक संजय अवस्थी, मलेंद्र राजन, हरदीप बाबा, अनुराधा राणा और विनोद सुल्तानपुरी, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मोदी सरकार ने मनरेगा का स्वरूप बदलकर देश से किया धोखा : विनय
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा का स्वरूप बदलकर और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाकर देश के लोगों को धोखा दिया है। कांग्रेस ने देश में बढ़ती बेरोजगारी को कम करने और पंचायतों को सशक्त करने के लिए मनरेगा को शुरू किया था और घर द्वार पर 100 दिन के रोजगार की कानूनन गारंटी थी। भाजपा सरकार ने पंचायत के अधिकार को ही खत्म कर दिया है।
परना बांध, टी-शर्ट में मनरेगा के समर्थन में उतरे कांग्रेस जिलाध्यक्ष
वहीं महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर की ओर से गांधी चौक में मौन धरने का आयोजन किया गया। कांग्रेस के मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत आयोजित इस धरने में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारतीय मजदूर की वेशभूषामें पहुंचे। इस दौरान केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा में किए गए बदलाव का विरोध जताया गया। सुमन भारती की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित किए। इसके बाद सभी कार्यकर्ता लगभग एक घंटे तक मौन धरने पर बैठे रहे। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती ने सिर पर परना बांधा हुआ था और ठंड के बावजूद केवल टी-शर्ट पहनी थी, जबकि अन्य नेता सूट-बूट में नजर आए। जिला अध्यक्ष सुमन भारती ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश की आजादी के लिए आम भारतीय की तरह जीवन जिया। उनसे प्रेरणा लेते हुए उन्होंने मनरेगा में किए गए बदलावों के विरोध के लिए मजदूर का स्वरूप अपनाया है, ताकि मजदूरों की पीड़ा को उसी रूप में सामने रखा जा सके। धरने के दौरान विधायक कैप्टन रंजीत सिंह, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, मनजीत डोगरा, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।