पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम और उनके परिवार के खिलाफ ब्लैक मनी एक्ट के तहत चार चार्जशीट दाखिल होने के मामले पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व यूपीए सरकार में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार था। चिदंबरम परिवार के खिलाफ अवैध संपत्ति और बैंक खाते रखने के लिए चार्जशीट दाखिल हुई है।
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से सवाल किया कि उन्होंने अभी तक विदेश में अवैध संपत्ति के मामले में पी चिदंबरम के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग के अनुमान के मुताबिक पी चिदंबरम की विदेश में तीन अरब डॉलर की संपत्ति है।
इससे यह भी पता चलता है कि आखिर किन कारणों से सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कालाधन के खिलाफ एसआईटी गठन से हाथ खींच लिए थे।
पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने सबसे पहला निर्णय काला धन के खिलाफ लड़ने के लिए एसआईटी के गठन का लिया। उन्होंने कहा कि अपने चार वर्ष के कार्यकाल में भाजपा ने केंद्र में ईमानदार व भ्रष्टाचार मुक्त सरकार की मिसाल कायम की है।