प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के चयन से पहले हाईकमान एक कमेटी बनाएगा और उसे टोह लेने के लिए भेजेगा। कमेटी में केंद्रीय नेता शामिल किए जा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर के विरोधी अड़ गए हैं कि उनके क्षेत्रों से प्रदेश और जिला पदाधिकारियों की तैनाती से पहले उन्हें पूरी तरह विश्वास में लिया जाए।
हाईकमान प्रदेश कांग्रेस में किसी भी प्रकार के विवाद से बचने के लिए हर कदम फूंक-फूंक कर रखा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार हाईकमान नई कार्यकारिणी बनाने से पहले पूरी कसरत करना चाह रहा है। पहले हाईकमान ने कहा था कि नई कार्यकारिणी बनाने से पहले विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को विश्वास में लेकर विस्तार से चर्चा की जाए। अब हाईकमान केंद्रीय नेताओं की कमेटी बनाकर प्रदेश में भेजने की तैयारी में है।
कमेटी प्रदेश में कांग्रेस विधायकों, पूर्व मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श कर उनकी राय जानेगी। कमेटी देखेगी कि प्रदेश में पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए? कमेटी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके हाईकमान को सौंपेगी। राठौर विरोधी नेता ब्लॉक से लेकर प्रदेश कार्यकारिणी में अपने समर्थकों को पद दिलाने के लिए हरसंभव कोशिश में लगे हैं।