कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा।
- फोटो : amar ujala
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार को राजधानी शिमला से सटे छराबड़ा स्थित अपने घर पर पहुंच गई हैं। 31 अक्तूबर को वह मंडी के पड्डल मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगी। हालांकि, ट्रैफिक आदि का हवाला देकर सुरक्षा कारणों के मद्देनजर पार्टी ने कुल्लू, ऊना, चंबा और शिमला में प्रस्तावित उनके रोड शो रद्द कर दिए हैं। अब प्रियंका गांधी नवंबर के पहले हफ्ते में कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में चुनावी रैलियां ही करेंगी। अक्तूबर के पहले सप्ताह में भी प्रियंका छराबड़ा आई थीं। इस दौरान पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी भी कुछ दिनों के लिए यहां आई थीं। 15 अक्तूबर को प्रियंका और सोनिया गांधी शिमला से लौटी थीं। अब शनिवार सुबह दोबारा प्रियंका गांधी चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से होते हुए शिमला पहुंचीं। पार्टी नेताओं ने बताया कि हिमाचल में मतदान होने तक प्रियंका गांधी का शिमला में ही रुकने का कार्यक्रम है। प्रियंका शिमला से सभी जिलों में प्रचार के लिए जाएंगी। राजधानी शिमला से प्रियंका गांधी कांग्रेस के चुनाव प्रचार पर भी नजर रखेंगी।
बूथ स्तर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संपर्क साध रही कांग्रेस
हिमाचल की सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस ने बूथ स्तर को मजबूत करना शुरू कर दिया है। सभी बूथों तक बड़े नेताओं ने न पहुंचने की स्थिति में पार्टी ने बूथ स्तर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संपर्क साधने का फैसला लिया है। इसी कड़ी में पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने शिमला से जीतेगा बूथ जीतेगा हिमाचल अभियान शुरू किया। पहले दिन जिला मंडी के द्रंग विधानसभा क्षेत्र में 873 बूथ कमेटी सदस्यों से राजीव शुक्ला ने संवाद कर जीत का मंत्र दिया। शुक्ला ने हर बूथ पर पांच महिला और 10 यूथ जोड़ने का संकल्प दिया। शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस के इस अभियान का उद्देश्य बूथ के लोगों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संपर्क साधना है।
पार्टी इस बार नई टेक्नोलॉजी का भी इस्तेमाल बूथ कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए कर रही है। कांग्रेस पार्टी एक डिजिटल एप के माध्यम से सभी मतदाताओं तक पहुंच रही है। बूथ कर्मियों को ब्लूटूथ प्रिंटर भी दिया जा रहा है, जिसके माध्यम से मतदाता पर्ची तुरंत ही मतदाता को दी जा सकती है। घर-घर जाने के अलावा डिजिटल माध्यम से भी वोटर पर्ची पहुंचाई जा रही है। कहा कि हिमाचल में परिवर्तन की लहर है। बेरोजगारी और महंगाई से तंग जनता कांग्रेस को उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। भाजपा सरकार ने लोगों के साथ वादाखिलाफी की है। लोगों को पांच साल तक गुमराह किया गया, जिसके चलते प्रदेश की जनता का भाजपा से मोहभंग हो गया है। इस चुनाव में भाजपा डबल डिजिट भी नहीं पार कर पाएगी।
1 नवंबर को कुटलैहड़, हमीरपुर आएंगे सचिन पायलट
राजस्थान से कांग्रेस के युवा नेता सचिन पायलट एक नवंबर को जिला ऊना के कुटलैहड़ और हमीरपुर में चुनावी जनसभाएं करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को हिमाचल में छह नवंबर के बाद बुलाने की योजना है।
6 नवंबर के बाद चुनाव प्रचार को आएंगे मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे छह नवंबर के बाद हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए आएंगे। पार्टी नेताओं ने खरगे की प्रदेश में तीन से चार जगह जनसभाएं करने की योजना तैयार की है।