हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कांग्रेस कमेटी के विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञों की एक उच्चस्तरीय सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी और उद्योगों के विकास के बारे में अपने सुझावों से प्रदेश को आर्थिक मंदी से उभारने के लिए रिपोर्ट तैयार करेगी। इस कमेटी में डॉ. यशवंत सिंह परमार विश्वविद्यालय नौणी के पूर्व वाइस चांसलर प्रो. विजय सिंह ठाकुर, पूर्व डीन एवं अर्थशास्त्र विभाग के मुख्य प्रो. डॉ. दलीप सिंह, उच्च शिक्षा के पूर्व निदेशक डॉ. बीएल बिंटा, मेडिकल कॉलेज नेरचौक के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. दलीप सिंह धीमान, डॉ. कैलाश पराशर, एमबीबीएस स्वतंत्र महाजन और संजीव गांधी को शामिल किया गया है। कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने उच्च स्तरीय इस विशेषज्ञ समिति से आगामी 10 दिनों के भीतर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव प्रदेश कांग्रेस कमेटी को देने का आग्रह किया है।