दोनों गुटों को इकट्ठा करने के लिए बनाई समिति भंग
संजीव गुट का मार्च से पहले चुनाव कराने फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में शिमला व्यापार मंडल के नाम से इस बार भी कारोबारियों के दो संगठन बनना तय है। हरजीत मंगा की अगुवाई वाले व्यापार मंडल के अप्रैल के बाद चुनाव करवाने के एलान के बाद अब दूसरे व्यापार मंडल ने भी शनिवार को मार्च से पहले चुनाव करवाने का फैसला ले लिया है। वहीं दोनों गुटों के चुनाव एक ही नेतृत्व में करवाने के लिए गठित की गई व्यापार मंडल समिति भी भंग कर दी है।
इससे शहर में शिमला व्यापार मंडल चुनाव के लिए सियासत फिर तेज हो गई है। संजीव ठाकुर की अगुवाई वाले व्यापार मंडल का कहना है कि मार्च से पहले ही चुनाव होंगे। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने कहा कि उनके गुट ने एकसाथ चुनाव के लिए पहल की थी। कारोबारियों के कहने पर बैठक बुलाई और फिर समन्वय समिति भी गठित की। समिति ने दूसरे गुट से बातचीत शुरू की थी और एकसाथ चुनाव के लिए राय मांगी थी लेकिन दूसरा गुट अब इस समिति को ही नकार रहा है। साथ ही चुनाव भी अप्रैल के बाद तक टाल दिए हैं। अध्यक्ष ने कहा कि ऐसा नहीं होगा। शहर में मार्च से पहले ही शिमला व्यापार मंडल के चुनाव करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब कार्यकाल खत्म हो गया है तो चुनाव लंबे समय तक टालना सही नहीं है। जल्द सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इस बार चुनाव में भी शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र के कारोबारी ही शामिल होंगे। जल्द ही बैठक बुलाकर चुनाव का शेड्यूल जारी किया जाएगा।
रिपोर्ट से पहले ही भंग हो गई समिति
एकसाथ चुनाव के लिए बनाई गई सात सदस्यीय समिति भी रिपोर्ट देने से पहले ही भंग हो गई है। शनिवार को समिति के सदस्यों ने रिपोर्ट न देने और समिति भंग करने का फैसला ले लिया। इसकी सूचना भी संजीव ठाकुर की अगुवाई वाले व्यापार मंडल को दे दी गई है। समिति सदस्य ओमप्रकाश, वरिंद्र सिंह ऋषि और दीपक श्रीधर ने कहा कि अब समिति कोई रिपोर्ट नहीं देगी। हरजीत मंगा की अगुवाई वाले व्यापार मंडल ने शुक्रवार को शहर के सभी कारोबारियों को बैठक में बुलाने का दावा किया था जो गलत है। मालरोड, लक्कड़ बाजार से किसी कारोबारी को इस बैठक में नहीं बुलाया गया। उन्होंने कहा कि गुपचुप तरीके से यह बैठक हुई जो गलत है।