मार्केट में सेब के रेट गिरने की स्थिति में उत्पादक अब अपनी फसल सीए (कंट्रोल ऐटमासफेयर) कोल्ड स्टोर में भी रख सकेंगे। हिम एग्रो फ्रेश ठियोग के समीप बलघार में आज से कोल्ड स्टोर सुविधा शुरू करने जा रहा है।
सीए स्टोर में अपनी फसल रखने के लिए बागवानों को प्रतिमाह 1 रुपये 70 पैसे प्रति किलो की दर से किराया चुकाना होगा। अधिकतम एक साल तक के लिए बागवान अपना सेब कोल्ड स्टोर में रख सकेंगे।
हिम ऐग्री फ्रेश के चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल, अमित मलिक और सौरभ अग्रवाल ने वीरवार को प्रेस को संबोधित करते हुए बताया की ठियोग के समीप बलघार में खुलने वाले सीए स्टोर की क्षमता 5000 मीट्रिक टन है।
150 मीट्रिक टन सेब की क्षमता
इस स्टोर में 34 चैंबर बनाए गए हैं जिसमें प्रत्येक की क्षमता 150 मीट्रिक टन है। एक चैंबर में सेब की करीब आठ हजार पेटियां स्टोर की जा सकेंगी। हिम एग्रो फ्रेश के कोल्ड स्टोर में सेब प्लास्टिक के बीन की जगह 20 किलो की क्रेट में रखा जाएगा ताकि सेब की गुणवत्ता बनी रहे। करीब 37 करोड़ की लागत से बने इस सीए स्टोर के चार चैंबरों की अग्रिम बुकिंग हो चुकी है।
पूरा चैंबर बुक करने पर ही मिलेगी सुविधा
सीए कोल्ड स्टोर में सेब रखने के लिए बागवानों को पूरा चैंबर बुक करना होगा। चैंबर की क्षमता 150 मीट्रिक टन है। एक बार में सेब की करीब 8500 पेटियां चैंबर में स्टोर होंगी। सीए स्टोर में अपना उत्पाद किराये पर रखने के लिए बागवानों को मिलकर पूरा चैंबर बुक करना होगा।
कंपीटीशन का मिलेगा फायदा
सेब खरीद कर रही कंपनियों में आपसी कंपीटीशन का फायदा सेब उत्पादकों को मिलेगा। हिम एग्रो फ्रेश के सेब खरीददारी में उतने के बाद बागवानों को अपने फसल बेचने के लिए एक और विकल्प मिल जाएगा। जागरूक बागवान सेब खरीदने वाली कंपनियों तथा मंडियों के रेट की तुलना कर अपना उत्पाद बेच सकेंगे।
हिम एग्रो फ्रेश स्टोरेज सुविधा के अलावा सेब की खरीद भी करेगा। खरीद करने से पहले लैब में सेब का टेस्ट होगा। जल्दी खराब न होने वाले सेब की खरीद की जाएगी। बागवानों को सेब की कीमत भी तुरंत अदा कर दी जाएगी।
एचपीएमसी ने निजी हाथों में सौंपे स्टोर
एचपीएमसी ने गुम्मा(कोटखाई), जरोल(टिक्कर) और परवाणू स्थित अपने कोल्ड स्टोर निजी कंपनियों के सुपुर्द कर दिए हैं। कोल्ड स्टोरों के अधिकतर चैंबर निजी कंपनियों को दे दिए गए हैं जबकि रस्म अदायगी के लिए एक आध चैंबर बागवानों के लिए रखा गया है।
हिम एग्रो फ्रेश के निदेशक प्रदीप अग्रवाल का कहा है कि बागवानों को बहुत कम किराये पर सेब सीए स्टोर में रखने की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। हिम एग्रो फ्रेश सेब की खरीद भी करेगा। मौजूदा समय में सेब खरीद रही कंपनियों के मुकाबले हम बागवानों को अच्छे रेट देंगे।