हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ना शुरू हो गई है जबकि मैदानी इलाकों में पारा चढ़ने से लोगों के पसीने छूट रहे हैं। गुरुवार और शुक्रवार को भी बारिश के आसार हैं। सात सितंबर से मौसम साफ होने का पूर्वानुमान है।
राजधानी शिमला में बुधवार को दिन भर बादल छाए रहे। हालांकि बारिश नहीं हुई।प्रदेश के उच्च पर्वतीय और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर व लाहौल स्पीति के कई क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय मौसम ठंडा हो गया है।
अधिकांश क्षेत्रों में सुबह-शाम धुंध पड़ना शुरू हो गई है। मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में दिन के समय धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 35.8, भुंतर में 32.6, बिलासपुर में 32.5, कांगड़ा में 32.2, हमीरपुर में 32.1, सुंदरनगर में 31.9, सोलन में 31.2, चंबा में 31.1, धर्मशाला में 27.2, नाहन में 26.6, शिमला में 24.7, कल्पा में 24.0, केलांग में 23.9 और डलहौजी में 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।