मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान धामी में 45 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के शुभारंभ और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने धामी में 6 करोड़ 70 लाख से निर्मित होने वाले मिनी सचिवालय भवन और 1.50 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के भवन की आधारशिलाएं रखीं।
मुख्यमंत्री ने ओखरू में 34 लाख 70 हजार रुपये की लागत से निर्मित जनिया - मंध्या उठाऊ पेयजल योजना का शुभारंभ भी किया। इससे क्षेत्र के 400 लोग लाभान्वित होंगे। यह परियोजना स्टेट ऑफ आर्ट स्वचालित जल पंपिंग प्रणाली से बनी है। उन्होंने ओखरू में ही 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित पशुपालन औषधालय भवन का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ओखरू में अतिरिक्त खंड की आधारशिला भी रखी जिसके निर्माण पर 2 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वीरभद्र सिंह ने कहा कि घणाहटटी और धामी के मध्य महाविद्यालय खोलने पर निर्णय के लिए कमेटी का गठन किया है। वह शीघ्र ही उचित स्थान पर महाविद्यालय निर्माण के लिए रिपोर्ट देगी।